
नईदुनिया प्रतिनिधि,इंदौर। अमेरिका और ईरान के बीच लगातार बढ़ते तनाव का असर अब सिर्फ कूटनीति तक सीमित नहीं रहा है। इसका प्रभाव ग्लोबल कमोडिटी मार्केट और खासकर सोने की कीमतों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चल रही मंदी कुछ थमती नजर आ रही है।
सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिवस शुक्रवार को देर रात सटोरियों की सक्रियता की वजह से सोना वायदा सुधरकर 4119 डालर प्रति औंस और चांदी वायदा भी 59.83 डालर प्रति औंस पर बंद हुआ।
पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव ने महंगाई की आशंकाओं को फिर से बढ़ा दिया है, जिसके चलते निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर बढ़ रहा है। इसी वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना एक बार फिर करीब 4,100 डालर प्रति औंस के पार निकल गया है।
वहीं भारतीय बाजार में सोने की कीमतें फिलहाल लगभग 142200 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हैं। हालांकि हाल के दिनों में कीमतों में कुछ खास उतार-चढ़ाव देखने को नहीं मिल रहा है, लेकिन बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि अब सोने में बड़ी गिरावट की संभावना काफी कम है।
बाजार के जानकारों का मानना है कि मौजूदा स्तर पर सोना अपने निचले स्तर के करीब पहुंच चुका है। उनके अनुसार यहां से अधिकतम 5 प्रतिशत तक की गिरावट संभव है, लेकिन इससे ज्यादा कमजोरी आने की संभावना फिलहाल नहीं दिख रही।
विशेषज्ञों का कहना है कि जो लोग केवल इस उम्मीद में खरीदारी टाल रहे हैं कि सोना और सस्ता होगा, उन्हें ज्यादा इंतजार नहीं करना चाहिए। घरेलू बाजार में करीब 1.35 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का स्तर मजबूत सपोर्ट माना जा रहा है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में अस्थिरता बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। तेल महंगा होने से महंगाई बढ़ने का खतरा भी बढ़ जाता है, जिसका असर सोने जैसी सुरक्षित संपत्तियों पर देखने को मिलता है। इसके अलावा निवेशकों की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों पर भी टिकी हुई है।
यदि अमेरिका में ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बनी रहती हैं, तो सोने पर कुछ दबाव रह सकता है क्योंकि सोना ब्याज देने वाली संपत्ति नहीं है।
हालांकि एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिलहाल बाजार में घबराहट पहले की तुलना में कम हुई है और सोना स्थिर दायरे में कारोबार कर रहा है। इंदौर सराफा बाजार में इन दिनों ग्राहकी जैसी होना चाहिए वैसी नहीं है। ज्वेलर्स को उम्मीद है कि बाजार में अगले महीने से राखी पूर्व की ग्राहकी बाजार में आने की पूरी संभावना है।
सोना केडबरी रवा नकद में 142200, सोना आरटीजीएस में 142800 (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 130900 रुपये प्रति दस ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त) है। शुक्रवार को सोना 142300 रुपये पर बंद हुआ। चांदी चौरसा 224500, आरटीजीएस 221000, चांदी टंच 225000 प्रति किलो और चांदी सिक्का 2550 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए। शुक्रवार को चांदी 224500 रु. पर बंद हुई थी।