
नईदुनिया प्रतिनिधि,इंदौर। सोने की कीमतों में लगातार दो दिनों से बनी कमजोरी के बाद गुरुवार को अमेरिकी डालर के कमजोर होने और अमेरिका-ईरान वार्ता से सकारात्मक संकेत मिलने के कारण वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतों में फिर से उछाल देखने को मिला।
गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत 4,533 डालर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है, जो पिछली रात के कारोबार सत्र के दौरान 4,493 डालर प्रति औंस के सबसे निचले स्तर की तुलना में 40 डालर की तेज उछाल है। इसके चलते भारतीय बाजारों में भी सोने की कीमतों में सुधार रहा। सोना केडबरी 400 रुपये सुधरकर 152000 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया।
वहीं चांदी में लेवाल कमजोर रहने से भाव में गिरावट रही। इंदौर में चांदी चौरसा 1000 रुपये घटकर 258000 रुपये प्रति किलो रह गई। ज्वेलर्स का कहना है कि सोने की कीमतों में आई तेजी का कारण अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता अंतिम चरण में पहुंचने की खबर रही।
होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की आपूर्ति धीरे-धीरे फिर से शुरू होने के संकेत भी मिले हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुष्टि की कि वार्ता आगे बढ़ रही है और चेतावनी दी कि विफलता सैन्य संघर्ष को जन्म दे सकती है। कई कच्चे तेल के टैंकर जलडमरूमध्य से गुजरे हैं, जिनमें कुल मिलाकर लगभग 60 लाख बैरल तेल था।
फरवरी में अमेरिका-इजराइल-ईरान संघर्ष शुरू होने के बाद से खाड़ी से तेल का यह अब तक का सबसे बड़ा दैनिक निर्यात है। इस घटनाक्रम के कारण कच्चे तेल की कीमतों में लगभग 6 फीसदी की गिरावट आई और कीमत 98 डालर प्रति बैरल हो गई, जिससे मुद्रास्फीति संबंधी चिंताओं में कमी आई और सोने की कीमतों में तेजी को समर्थन मिला।
कामेक्स वायदा पर सोना 4533 डालर तक जाने के बाद ऊपर में 4570 डालर और नीचे में 4511 डालर प्रति औंस और चांदी 75.41 डालर तक जाने के बाद ऊपर में 76.92 डालर और नीचे में 74.66 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
सोना केडबरी रवा नकद में 152000, सोना आरटीजीएस में 156800 (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 143700 रुपये प्रति दस ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त) है। बुधवार को सोना 151600 रुपये पर बंद हुआ। चांदी चौरसा 258000, चांदी आरटीजीएस 267000 चांदी टंच 258700 रुपये प्रति किलो और चांदी सिक्का 2850 रु. प्रति नग बिका। मंगलवार को चांदी 259000 रु. पर बंद हुई थी।