
नईदुनिया प्रतिनिधि,इंदौर। भू-राजनीतिक तनाव के बीच अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतियों, डालर की मजबूती और कच्चे तेल में उछाल ने बुलियन मार्केट का समीकरण बदल दिया है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने और चांदी की कीमतों में एकतरफा मंदी की स्थिति बनी हुई है।
सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिवस शुक्रवार देर रात निवेशकों और सटोरियों की वायदा मार्केट भारी बिकवाली के कारण कामेक्स पर सोना वायदा 145 डालर घटकर 4406 डालर प्रति औंस और चांदी वायदा 374 सेंट घटकर 67.84 डालर प्रति औंस पर बंद हुई।
इसका असर शनिवार को भारतीय बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट के रूप में दिखा। इंदौर में सोना केडबरी 2800 रुपये घटकर 147200 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया। वहीं चांदी चौरसा भी 9000 रुपये घटकर 226000 रुपये प्रति किलो रह गई।
इस सप्ताह भारतीय बाजारों में सोने अऔर चांदी की कीमतों में एकतरफा गिरावट देखने को मिली है। इंदौर मार्केट में सात कारोबारी दिवस के दौरान सोना केडबरी 10800 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी 34 हजार रुपये प्रति किलो पर सस्ती हुई है।
14 मार्च को इंदौर में सोना 158000 और चांदी 260000 रुपये थी जो 21 मार्च तक घटकर सोना 147200 और चांदी 226000 रुपये रह गई। घटे दामों पर भी व्यापार बेहद कमजोर देखने को मिल रहा है।
इस हफ्ते सोने के दाम करीब 11 प्रतिशत तक टूटे हैं, जो साल 1983 के बाद की सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट है। जंग शुरू होने के बाद से अब तक सोना कुल मिलाकर 14-15 फीसद से ज्यादा नीचे आ चुका है, जिसने बाजार के जानकारों को हैरान कर दिया है।
अमेरिकी डालर इंडेक्स में 2 फीसद की तेजी ने भी सोने पर दबाव बनाया है। चूंकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत डालर में तय होती है, इसलिए डालर मजबूत होने पर अन्य मुद्रा वाले देशों के लिए सोना खरीदना महंगा हो जाता है, जिससे मांग घटती है।
इसके अलावा, साल 2025 में सोने ने 64 फीसद का शानदार रिटर्न दिया था और जनवरी 2026 में यह 5000 डालर प्रति औंस के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया था। इतनी बड़ी तेजी के बाद अब निवेशक बड़े पैमाने पर ''''प्राफिट बुकिंग'''' (मुनाफा वसूली) कर रहे हैं, जो गिरावट का प्रमुख कारण बना है।
भारतीय बाजारों में भी कीमतों में भारी कमी आई है। 24 कैरेट सोना 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है, जबकि एक समय यह काफी ऊपर था। चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट देखी गई है और यह 2.26 लाख रुपये प्रति किलो के करीब ट्रेड कर रही है।
इंदौर के बंद भाव– सोना केडबरी रवा नकद में 147200 सोना आरटीजीएस में 143400 (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 131450 रुपये प्रति दस ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त) है। शुक्रवार को सोना 150000 रुपये पर बंद हुआ। चांदी चौरसा 226000, चांदी आरटीजीएस 226000 चांदी टंच 226000 रुपये प्रति किलो और चांदी सिक्का 2650 रु. प्रति नग बिका। शुक्रवार को चांदी 235000 रु. पर बंद हुई थी।