Indore Gold Market: इंदौर में चांदी सवा तीन लाख रुपये किलो, विदेश में 100 डालर के पार
इंदौर में सोना केडबरी 2000 बढ़कर 162000 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी चौरसा 13000 रुपये उछलकर 325000 रुपये प्रति किलो के नए रिकाॅर्ड दामों पर पहुंच गई। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 24 Jan 2026 07:13:39 PM (IST)Updated Date: Sat, 24 Jan 2026 07:23:29 PM (IST)
इंदौर में चांदी के दाम।HighLights
- इससे भारतीय बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी का क्रम जारी रहा।
- इंदौर में सोना केडबरी 2000 बढ़कर 162000 रुपये प्रति दस ग्राम पर हो गया।
- चांदी चौरसा 13000 रुपये उछलकर 325000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।
नईदुनिया प्रतिनिधि,इंदौर। अंतरराष्ट्रीय बुलियन वायदा मार्केट में सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिवस शुक्रवार को देर रात कामेक्स वायदा पर सोने-चांदी में निवेशकों की मजबूत खरीदारी के चलते जोरदार तेजी देखी गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की कीमत 100 डालर के पार पहुंच गई है।
शुक्रवार देर रात कामेक्स पर सोना वायदा 74 डालर उछलकर 4986 डालर प्रति औंस और चांदी वायदा 389 सेंट बढ़कर 103.26 डालर प्रति औंस पर बंद हुई। इससे भारतीय बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी का क्रम जारी रहा।
इंदौर में सोना केडबरी 2000 बढ़कर 162000 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी चौरसा 13000 रुपये उछलकर 325000 रुपये प्रति किलो के नए रिकाॅर्ड दामों पर पहुंच गई। ज्वेलर्स का कहना है कि सट्टेबाजी और हेजिंग डिमांड के कारण चांदी में रिकॉर्ड तोड़ तेजी चल रही है।
भूराजनैतिक तनाव और वैश्विक चिंताओं से निवेशकों के कीमती धातुओं की ओर बढ़ने से चांदी ने इस ऐतिहासिक लेवल को पार किया है। इधर, ऊंचे दामों पर लेवाली बेहद सुस्त नजर आ रही है।
ज्वेलर्स का मानना है कि वर्तमान दामों पर बाजार उपभोक्ता ग्राहकी बेहद कमजोर है और छोटे निवेशक भी बाजार से दूरी बनाने में लग गए है। बड़े निवेशक खरीद-फरोख्त में रुचि दिखा रहे है।
इंदौर के बंद भाव
- सोना केडबरी रवा नकद में 162000 सोना आरटीजीएस में 157400 (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 144000 रुपये प्रति दस ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त) है।
- शुक्रवार को सोना 160000 रुपये पर बंद हुआ। चांदी चौरसा 325000, चांदी आरटीजीएस 337000 चांदी टंच 325500 रुपये प्रति किलो और चांदी सिक्का 3500 रु. प्रति नग बिका। शुक्रवार को चांदी 312000 रु. पर बंद हुई थी।