
नईदुनिया प्रतिनिधि,इंदौर। बीते चार कारोबारी दिवस में सोने और चांदी की कीमतों में आई जोरदार गिरावट के बाद मंगलवार को कीमती धातुओं में फिर से उछाल देखने को मिला।डालर इंडेक्स 1.69 घटकर 90.22 डॉलर रह जाने से कई बड़े निवेशकों का रुझान फिर से सोने और चांदी की तरफ देखा गया। इसके अलावा सोने-चांदी की तेजी को भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर बनी सहमति से जोड़कर देखा जा रहा है।
सोमवार को अंतरराष्ट्रीय बुलियन वायदा मार्केट में बड़े निवेशक और सटोरियों की पुन: सक्रियता बढ़ने के कारण कामेक्स पर सोना वायदा 22 डालर उछलकर 4907 डालर प्रति औंस और चांदी वायदा 379 सेंट बढ़कर 86.65 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इससे भारतीय बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में पुन: तेजी देखने को मिली है। मंगलवार को इंदौर में सोना केडबरी 4500 रुपये उछलकर 158500 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी चौरसा 23000 रुपये उछलकर 269000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।
हालांकि इन दामों पर छोटे निवेशकों की लेवाली कुछ कमजोर देखी गई लेकिन बड़े निवेशकों की पूछताछ बराबर बनी हुई है। ज्वेलर्स का कहना है कि गिरावट के बाद छोटे निवेशकों में घबराहट बनी हुई है। कइयों ने तो मुनाफावसूली की बिक्री कर कुछ माल हलका कर दिया है।

अब दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और ब्याज दरों के रास्ते के बारे में अधिक निश्चित संकेतों के लिए इस शुक्रवार को आने वाले अमेरिकी नॉन-फार्म पेरोल डेटा पर ध्यान केंद्रित है।
मौद्रिक नीति के अलावा, इस सप्ताह अमेरिका और ईरान के बीच भू-राजनीतिक तनाव कम होने से भी सोने के लिए सुरक्षित निवेश की मांग में कमी आई है।
ट्रंप द्वारा मध्य पूर्वी देश के खिलाफ संभावित सैन्य कार्रवाई के बारे में बार-बार चेतावनी देने के बाद, तेहरान और वाशिंगटन शुक्रवार को पूर्व के परमाणु महत्वाकांक्षाओं पर बातचीत फिर से शुरू करेंगे।
कामेक्स वायदा- सोना वायदा बढ़कर 4907 डालर तक जाने के बाद ऊपर में 4949 डालर और नीचे में 4654 डालर प्रति औंस और चांदी 86.65 डालर तक जाने के बाद ऊपर में 87.92 डॉलर और नीचे में 78.57 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।