
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : यूएस ट्रेजरी यील्ड बढ़ने से बिना ब्याज वाली कीमती धातुओं (बुलियन) की मांग कम हो गई, जिससे अंतरराष्ट्रीय बुलियन मार्केट में सोना और चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट का दौर चल रहा है। कामेक्स पर सोना वायदा 65 डालर और टूटकर 4311 डॉलर प्रति औंस और चांदी वायदा 108 सेंट घटकर 63.68 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई। इसके चलते भारतीय बाजार में भी जोरदार गिरावट का रुख बना हुआ है।
बुधवार को इंदौर में सोना केडबरी 2700 रुपये घटकर डेढ़ लाख रुपये के नीचे 147800 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया। वहीं चांदी चौरसा भी 2800 रुपये घटकर 230500 रुपये प्रति किलो रह गई। बाजार में एकतरफा गिरावट से खरीदारों में उत्साह का माहौल बना हुआ है लेकिन फिलहाल ग्राहकी जैसी होना चाहिए वैसी नहीं है।
उधर, विदेशों से भारी मात्रा में सोना आयात करने से देश का विदेशी मुद्रा भंडार घटने के साथ ही रुपया कमजोर होता जा रहा है जिससे विकास कार्यों के लिए पूंजी की कमी होती जा रही है। इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते चार महीने में दो बार भारतीयों से सोना कम खरीदीने की अपील की है। इससे भी सोने की कीमतों पर दबाव देखने को मिल रहा है। माना यह भी जा रहा है कि त्योहारों और शादियों के अहम सीजन से ठीक पहले इस अपील से बिक्री पर बुरा असर पड़ सकता है। यह अपील ऐसे समय में आई है जब भारत ने इस तिमाही में उम्मीद से बेहतर 7.8 फीसद की आर्थिक वृद्धि दर्ज करने का दावा किया है।
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और महंगाई की नई चिंताओं के बीच यूएस ट्रेजरी यील्ड जनवरी 2025 के बाद के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई, जिससे ग्लोबल बॉन्ड मार्केट में बिकवाली शुरू हो गई। फेड चेयरमैन केविन वॉर्श ने संकेत दिया कि अगर पॉलिसी बनाने वालों को यह भरोसा नहीं हुआ कि महंगाई 2 फीसद के लक्ष्य की ओर लौट रही है, तो उन्हें और काम करना होगा। वहीं, सीएमई फेडवॉच टूल के अनुसार, बाजार अभी इस महीने के आखिर में ब्याज दरें बढ़ने की 66 फीसदी संभावना मानकर चल रहा है।
कामेक्स वायदा पर सोना 4311 डॉलर तक जाने के बाद ऊपर में 4338 डालर और नीचे में 4283 डालर प्रति औंस और चांदी 63.68 डालर तक जाने के बाद ऊपर में 64.34 डालर और नीचे में 63.29 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इंदौर के बंद भाव– सोना केडबरी रवा नकद में 147800, सोना आरटीजीएस में 149500 (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 137000 रुपये प्रति दस ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त) है। मंगलवार को सोना 150500 रुपये पर बंद हुआ। चांदी चौरसा 230500, आरटीजीएस 226500, चांदी टंच 231000 प्रति किलो और चांदी सिक्का 2500 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए। मंगलवार को चांदी 233300 रु. पर बंद हुई थी।
यह भी पढ़ें- क्या 1.70 लाख रुपये पर आएगी चांदी? सोने के 80 हजार तक गिरने के अनुमान से बाजार पड़ा ठंडा