फिर से लौटने लगी सोना और चांदी की चमक, एमपी के सराफा बाजार में फिर बढ़ने लगे रेट
वैश्विक स्तर पर अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच तनाव कम होने और स्थितियां सामान्य होने से मध्यप्रदेश के सराफा बाजार में सोना-चांदी फिर चमकने लगे हैं। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 09 May 2026 10:39:40 AM (IST)Updated Date: Sat, 09 May 2026 10:50:25 AM (IST)
फिर से बढ़ने लगे सोने और चांदी के रेट। प्रतीकात्मक तस्वीरHighLights
- तीन दिन से क्रूड नीचे, सोना-चांदी में तेजी
- अमेरिका-ईरान वार्ता सकारात्मक, बाजार में लौटी रौनक
- नए निवेशकों ने दिखाई रुचि, पटरी पर लौटेगा कामकाज
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। वैश्विक स्तर पर धीरे-धीरे स्थिति सामान्य होने से बाजार में रंग चढ़ने लगा है। तीन दिन से क्रूड के भाव जहां नीचे आ रहे हैं, वहीं मूल्यवान धातु सोना-चांदी की कीमतों में तेजी का रुख बना हुआ है। इससे ऊंचे भाव में खरीदी करने वाले निवेशक कुछ राहत महसूस करने लगे हैं। आरटीजीएस में चांदी जहां 2.60 लाख रुपये प्रतिकिलो और सोना 1.55 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गए हैं।
अमेरिका, इजरायल और ईरान युद्ध के पहले चांदी ने जहां चार लाख का आंकड़ा छू लिया था, वहीं सोना भी 1.82 लाख रुपये तक पहुंच गया था। अमेरिका-ईरान के बीच वार्ता में सकारात्मक रुख रहने से बाजार में धीरे-धीरे स्थितियां सामान्य होने लगी है। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उलूल-जुलूल बयानों से हर दिन नई-नई घटनाएं सामने आ रही थी। इससे वैश्विक स्तर पर संकट के बादल मंडराने लगे थे।
धीरे-धीरे हालात सामान्य होते दिख रहे हैं
जनजीवन के साथ-साथ व्यापार-व्यवसाय पर नकरात्मक प्रभाव पड़ रहा था। अब स्थितियां धीरे-धीरे सामान्य होते दिखने पर बाजार में भी रौनक लौटने लगी है। उच्च गुणवत्ता और शुद्धता के लिए ख्यात रतलाम का सराफा बाजार भी वैश्विक स्तर पर चल रहे घमासान से अछूता नहीं रहा।
तेजी-मंदी के खेल से सराफा में कामकाज पूरी तरह बेपटरी हो गए। भीषण गर्मी के दौर में ग्राहकी ठंडी पड़ी है। व्यापारी हाथ पर हाथ रखकर बैठे हैं। सराफा में इन दिनों केवल अतिआवश्यक खरीदी करने वाले ग्राहक ही पहुंच रहे हैं।
कामकाज पटरी पर लौटने की संभावना
सराफा व्यवसायी प्रतीक जैन व ऋषभ संघवी कहते हैं कि अमेरिका, इजरायल, ईरान के बीच तनाव से वैश्विक स्तर पर बाजार में उथल-पुथल मची रही थी। हालांकि अब कुछ हद तक स्थिति नियंत्रण में आने से भविष्य में कामकाज पटरी पर लौटने की संभावना है। धीरे-धीरे सोना-चांदी के भाव में सुधार हो रहा है। नए निवेशकों ने बाजार में रुचि दिखाना शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : विदेशी पर्यटकों को भा रहे आध्यात्मिक टैटू, भारतीय संस्कृति से हो रहा जुड़ाव