
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। बुलियन मार्केट अनिश्चितता और सट्टेबाजी में फंसा नजर आ रहा है। डॉलर कमजोर हुआ तो होना यह चाहिये था कि निवेशक फिर सोने की तरफ जाते, लेकिन अब कहा जा रहा है कि कमज़ोर अमेरिकी डॉलर के कारण अंतरराष्ट्रीय बुलियन मार्केट में भी कमजोरी आ गई।
निवेशक मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और महंगाई तथा वैश्विक मौद्रिक नीति पर इसके संभावित असर पर नज़र बनाए हुए हैं। कुल मिलाकर बुलियन मार्केट में निवेशकों की लेवाली सुस्त होने से कामेक्स पर सोने-चांदी वायदा में कमजोरी दर्ज की गई। कामेक्स पर सोना वायदा 4108 डालर प्रति औंस और चांदी वायदा 59.61 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
ऊंचे दामों पर भारतीय बाजार में ग्राहकी का सपोर्ट नहीं मिलने के कारण सोने-चांदी की कीमतों में नरमी रही। शुक्रवार को इंदौर में सोना केडबरी 200 रुपये टूटकर 142300 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी चौरसा 2200 रुपये घटकर 224500 रुपये प्रति किलो रह गई। बाजार में इन दिनों गहनों में कारोबार बेहद सुस्त देखा जा रहा है।
ज्वेलर्स का कहना है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान से कि ईरान ने बातचीत में दिलचस्पी दिखाई है, बड़े क्षेत्रीय संघर्ष का डर कुछ कम हुआ। फेडरल रिजर्व की हालिया बैठक के मिनट्स में महंगाई को लेकर चिंता बनी रही, कई नीति-निर्माताओं ने संकेत दिया कि पिछली बैठक में ब्याज दरों में कोई बदलाव न करने के बावजूद, आगे दरों में बढ़ोतरी ज़रूरी हो सकती है।
बाज़ार में अभी सितंबर में ब्याज दरें बढ़ने की 63% संभावना जताई जा रही है। इस बीच, इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (आइएमएफ) ने 2026 के लिए वैश्विक विकास का अनुमान 3% पर ही स्थिर बनाए रखा है। यह भू-राजनीतिक तनाव और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-आधारित निवेश से लगातार मिल रहे समर्थन के बावजूद वैश्विक अर्थव्यवस्था की उम्मीद से ज़्यादा मज़बूती को दर्शाता है।
कामेक्स वायदा पर सोना वायदा 4108 डालर तक जाने के बाद ऊपर में 4134 डालर और नीचे में 4094 डालर प्रति औंस और चांदी 59.61 डालर तक जाने के बाद ऊपर में 60.75 डालर और नीचे में 59.36 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इंदौर के बंद भाव– सोना केडबरी रवा नकद में 142300, सोना आरटीजीएस में 142800 (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 130900 रुपये प्रति दस ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त) है। गुरुवार को सोना 142500 रुपये पर बंद हुआ। चांदी चौरसा 224500, आरटीजीएस 219400, चांदी टंच 225000 प्रति किलो और चांदी सिक्का 2550 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए। गुरुवार को चांदी 226700 रु. पर बंद हुई थी।