डायल-112 में तैनात आरक्षक की सजगता से टला बड़ा हादसा: रामानुजनगर में कार सवार दो संदिग्ध दबोचे
सूरजपुर के रामानुजनगर में डायल-112 के आरक्षक प्रदीप सोनवानी ने सूझबूझ दिखाते हुए ग्रामीणों के सहयोग से कार में हथियार लेकर घूम रहे दो युवकों—कैफ अंसार...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 09 Aug 2026 01:27:20 PM (IST)Updated Date: Sun, 09 Aug 2026 01:27:20 PM (IST)
गिरफ्तार दोनों आरोपितHighLights
- कार में सवार होकर घूम रहे थे संदिग्ध बदमाश।
- ग्रामीणों के सहयोग से आरक्षक ने दबोचा, हथियार बरामद।
- नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा।
नईदुनिया प्रतिनिधि, सूरजपुर : डायल-112 में तैनात आरक्षक की सजगता, सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से रामानुजनगर थाना क्षेत्र में चाकू और पिस्टलनुमा हथियार लेकर घूम रहे दो आरोपितों को ग्रामीणों के सहयोग से पकड़ लिया गया। आरक्षक की तत्परता से पुलिस को समय रहते सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंची रामानुजनगर पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से धारदार चाकू और पिस्टल जैसा दिखने वाला हथियार बरामद किया। आरक्षक के इस कर्तव्यनिष्ठ कार्य पर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
घटना छह अगस्त की शाम की है। थाना सूरजपुर के डायल-112 में तैनात आरक्षक प्रदीप सोनवानी को सूचना मिली कि रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मंहगई हरिजनपारा में कार क्रमांक सीजी 29 एजी 1126 में सवार चालक और उसका साथी पिस्टल एवं चाकू लेकर घूम रहे हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए आरक्षक ने ग्रामीणों के सहयोग से संदिग्ध कार को मौके पर रोक लिया और उसमें सवार दोनों आरोपितों को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही रामानुजनगर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार में सवार कैफ अंसारी (24), पिता शहाबुद्दीन अंसारी और विकास रवि (19), पिता स्वर्गीय रामकुमार रवि, दोनों निवासी नावापारा खुर्द को हिरासत में लिया।
यह भी पढ़ें- कीचड़ से सराबोर हुआ राष्ट्रीय राजमार्ग: अंबिकापुर-रामानुजगंज मार्ग पर बदतर हुई सड़क की हालत
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक धारदार चाकू और एक पिस्टलनुमा हथियार बरामद हुआ। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार, धारदार चाकू और पिस्टलनुमा हथियार जब्त कर लिया। मामले में थाना रामानुजनगर में धारा 25 आर्म्स एक्ट एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसपी ने की आरक्षक की सराहना
पुलिस के अनुसार डायल-112 के आरक्षक प्रदीप सोनवानी की सतर्कता और त्वरित सूचना के कारण हथियार लेकर घूम रहे संदिग्धों को समय रहते पकड़ा जा सका। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने आरक्षक की कर्तव्यनिष्ठा एवं सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए उन्हें नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।