CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, फिर से बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी, अप्रैल में फिर बिगड़ेगा मिजाज
उत्तरी छत्तीसगढ़ के ज्यादातर इलाकों में पिछले एक सप्ताह से पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी रहा। इन क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम में ठंडक घुल ग ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 22 Mar 2026 09:53:36 PM (IST)Updated Date: Sun, 22 Mar 2026 09:53:36 PM (IST)
लगातार बारिश व ओलावृष्टि से बदला मौसम। (AI से जेनरेट की गई इमेज)HighLights
- उत्तर छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला
- लगातार बारिश व ओलावृष्टि से बदला मौसम
- अंबिकापुर के तापमान में 4 डिग्री की गिरावट
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। उत्तरी छत्तीसगढ़ के ज्यादातर इलाकों में पिछले एक सप्ताह से पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी रहा। इन क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम में ठंडक घुल गई है। यही कारण है कि संभाग मुख्यालय अंबिकापुर के न्यूनतम तापमान में 24 घंटे के भीतर चार डिग्री की तगड़ी गिरावट हुई है। 16 डिग्री से गिरकर यह 12 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। चार दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान में लगभग आठ डिग्री की गिरावट हुई है। अधिकतम तापमान भी लुढ़ककर 30 डिग्री से नीचे चला गया है।
ठिठुरन के साथ सुबह की शुरुआत
मौसम में अचानक हुए बदलाव के कारण रविवार सुबह लोगों को ठंड से राहत पाने हल्के गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। आने वाले 24 घंटे में मौसम के पूरी तरह साफ होने और तापमान में वृद्धि की संभावना है। मार्च के दूसरे पखवाड़े में पश्चिमी विक्षोभ के साथ चक्रवाती परिसंचरण के एक साथ सक्रिय होने का असर उत्तरी छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ा।
तेज हवा और ओलावृष्टि
चार दिनों से सरगुजा संभाग के अलग-अलग इलाकों में तेज हवा, गरज-चमक के साथ वर्षा और ओलावृष्टि हुई है। मैनपाट, बलरामपुर, रामानुजगंज एवं कुसमी क्षेत्र में तेज बारिश व ओलावृष्टि से रबी व सब्जी वर्गीय फसलों को नुकसान पहुंचा है।
लोगों को ठंड के मौसम का आभास हुआ
आमतौर पर फरवरी के बाद उत्तरी छत्तीसगढ़ में सामान्य ठंड पड़ती है। लेकिन लगातार विक्षोभ की सक्रियता और बारिश व ओलावृष्टि से हवा में ठंडक घोल दी। इससे तापमान में काफी गिरावट हुई। न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के नजदीक पहुंच गया। इससे लोगों को ठंड के मौसम का आभास होने लगा। खासकर सुबह व रात में अच्छी ठंड पड़ रही है।
यह भी पढ़ें- जगदलपुर में भरोसे की आड़ में 9.5 लाख की ठगी, टेंट व्यवसायी ने EOW अफसर बनकर इंजीनियर को ठगा
अप्रैल के पहले सप्ताह में फिर बदलेगा मौसम
अभी कुछ दिनों की राहत के बाद माह के अंतिम दिनों एवं अप्रैल के प्रथम सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से उत्तरी छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बारिश व ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। बार-बार मौसम में हो रहे उतार चढ़ाव से गेहूं उत्पादक किसानों की चिंता बढ़ गई है। खासकर फसल की कटाई के समय विपरीत मौसम उनकी परेशानी बढ़ा रहा है।
न्यूनतम तापमान में इस तरह हुई गिरावट
| दिनांक | न्यूनतम तापमान (°C) |
| 18 मार्च | 20.0 |
| 19 मार्च | 17.6 |
| 20 मार्च | 17.2 |
| 21 मार्च | 16.0 |
| 22 मार्च | 12.4 |