
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के रायपुर दौरे को लेकर निशाना साधा। रविवार सुबह पीजी कॉलेज मैदान में योगाभ्यास के बाद मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के आगमन को लेकर कहा कि ये सब चलता रहता है। पार्टी का काम है,लोग आते-जाते रहते हैं लेकिन सच्चाई यह भी है कि राहुल गांधी जहां-जहां जाते हैं, उसका हश्र क्या होता है, ये पूरा देश जानता है।
योग दिवस के लिए पीजी कॉलेज मैदान में लगाए गए डोम को लेकर कांग्रेस द्वारा फर्जीवाड़े के आरोप लगाए गए थे। इस पर मुख्यमंत्री ने पलटवार करते हुए कहा कि आरोप लगाने वालों को अपने गिरेबां में झांकना चाहिए। कांग्रेस ने पांच साल में कितना घोटाला किया, छत्तीसगढ़ को लूटने का काम किया। इसी लिए आज कुछ लोग जेल में हैं, कुछ बेल में हैं और कुछ जेल जाने की तैयारी में हैं।
उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और समझ रही है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि योग हमारे देश की हजारों साल पुरानी विधा है, जिसे हमारे ऋषि-मुनियों ने शुरू किया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से ही आज योग को देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी वैश्विक पहचान मिली है। 2014 में पीएम मोदी ने यूनेस्को में प्रस्ताव रखा था, जिसके बाद 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित हुआ। आज 190 से अधिक देश योग दिवस मना रहे हैं। यह भारत के लिए गौरव की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में इस बार राज्य स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का गौरव अंबिकापुर को मिला। इसके साथ ही प्रदेश के सभी 33 जिलों, ब्लॉक और पंचायत स्तर तक योग के कार्यक्रम आयोजित किए गए। सीएम साय ने प्रदेशवासियों से अपील की कि एक स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन, स्वस्थ समाज और स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए योग बहुत आवश्यक है। तनाव और भागदौड़ भरी जिंदगी में योग मानसिक शांति देता है। मैं सभी प्रदेशवासियों से आग्रह करता हूं कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करें। इस दौरान संस्कृति व पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल,स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक प्रबोध मिंज, रामकुमार टोप्पो उपस्थित रहे।