कीचड़ से सराबोर हुआ राष्ट्रीय राजमार्ग: अंबिकापुर-रामानुजगंज मार्ग पर बदतर हुई सड़क की हालत
अंबिकापुर-रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर राजपुरी खुर्द से पाढ़ी के बीच बारिश के बाद कीचड़ और गड्ढों से सड़क बदहाल हो गई है। जल निकासी न होने से वाहन...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 09 Aug 2026 12:56:16 PM (IST)Updated Date: Sun, 09 Aug 2026 12:56:16 PM (IST)
बारिश के बाद दलदल में तब्दील राष्ट्रीय राजमार्ग।HighLights
- राजपुरी खुर्द से पाढ़ी के बीच गड्ढों और कीचड़ का साम्राज्य।
- वाहन चालकों के लिए बढ़ा दुर्घटना का खतरा।
- जल निकासी के अभाव में फंस रहे भारी वाहन।
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: अंबिकापुर-रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग के नवनिर्माणाधीन हिस्से में बारिश के बाद सड़क की हालत बदतर हो गई है। रजपुरी खुर्द से पाढ़ी के बीच कई स्थानों पर जगह जगह गड्ढे बन गए हैं। इनमें बारिश का पानी भर जाने से वाहन चालकों को सड़क और गड्ढे के बीच अंतर करना मुश्किल हो रहा है।
जगह- जगह कीचड़ के कारण भारी वाहनों के फंसने की स्थिति बन रही है, जिससे कभी भी मार्ग पर लंबा जाम लग सकता है। राजपुरी खुर्द से पाढ़ी तथा बलरामपुर से रामानुजगंज तक सड़क निर्माण कार्य जारी है। निर्माणाधीन मार्ग पर बारिश के पानी की निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से परेशानी बढ़ गई है। कई जगह सड़क की सतह उखड़ गई है और गड्ढों में कीचड़ जमा हो गया है।
भारी वाहन इन हिस्सों से गुजरते समय फंस रहे हैं। वहीं दोपहिया वाहन चालकों के लिए फिसलन और गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। अंबिकापुर-रामानुजगंज मार्ग क्षेत्र का महत्वपूर्ण मार्ग है। यह झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित कई क्षेत्रों को जोड़ता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री और मालवाहक वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में निर्माण के दौरान यातायात सुचारू रखने के लिए सड़क को चलने योग्य रखना जरूरी है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश होते ही निर्माणाधीन सड़क की स्थिति खराब हो जाती है। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से जगह-जगह पानी और कीचड़ जमा हो रहा है। लोगों ने खराब हिस्सों की तत्काल मरम्मत और गड्ढों की भराई कराने की मांग की है।