ट्रैफिक जवान ने जड़ा थप्पड़ तो युवक ने भी किया पलटवार, अंबिकापुर की घटना का वीडियो वायरल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बहस के दौरान नगर सैनिक ने पहले युवक को दो थप्पड़ मार दिए, जिसके बाद युवक ने भी पलटवार करते हुए नगर सैनिक को थप्पड़ जड़ दि ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 19 Feb 2026 08:35:25 PM (IST)Updated Date: Thu, 19 Feb 2026 08:43:57 PM (IST)
इस घटना का वीडियो वायरल हो गया है।HighLights
- स्कूटी पर सवार होकर तीन युवक महामाया रोड से जा रहे थे।
- नियमों के उल्लंघन पर रोका और स्कूटी की चाबी निकाल ली।
- इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। अंबिकापुर शहर के व्यस्त महामाया चौक के पास यातायात व्यवस्था संभाल रहे नगर सैनिक और एक युवक के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच थप्पड़बाजी और धक्का-मुक्की का दृश्य कैमरे में कैद हो गया, जिसके बाद इंटरनेट मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
जानकारी के अनुसार नगर सैनिक जो वर्तमान में यातायात थाने में पदस्थ हैं, सोमवार शाम को महामाया चौक पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान एक स्कूटी पर सवार तीन युवक महामाया रोड से देवीगंज रोड की ओर जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर उन्हें रोका और स्कूटी की चाबी निकाल ली। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बहस के दौरान नगर सैनिक ने पहले युवक को दो थप्पड़ मार दिए, जिसके बाद युवक ने भी पलटवार करते हुए नगर सैनिक को थप्पड़ जड़ दिए। युवक द्वारा दूसरी बार हाथ उठाने पर नगर सैनिक ने उसे रोक लिया।
इस दौरान धक्का-मुक्की में नगर सैनिक की टोपी और वॉकी-टॉकी सड़क पर गिर गई। विवाद बढ़ने पर दोनों ने एक-दूसरे का कॉलर पकड़ लिया। नगर सैनिक ने वॉकी-टॉकी के जरिए यातायात थाने को सूचना दी, जबकि युवक अपने मोबाइल से किसी को कॉल करता नजर आया।
घटना का पूरा वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो के सामने आने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। घटना के बाद नगर सैनिक ने संबंधित युवकों के खिलाफ कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा ने बताया कि प्राथमिकी की गई है। प्रकरण की जांच चल रही है।