
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे 13 म्यूल बैंक खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। थाना सुपेला, थाना खुर्सीपार और एसीसीयू दुर्ग की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण, बैंक खातों की जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की। जांच में करीब 10 लाख रुपये के संदिग्ध साइबर ट्रांजेक्शन का खुलासा हुआ है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक सुपेला और खुर्सीपार थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के मामले में धारा 318(2), 318(3) और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा उक्त मामलों की जांच के बाद आरोपितों पर कार्रवाई की जा रही है। इस कड़ी में सुपेला क्षेत्र के नौ तथा खुर्सीपार क्षेत्र के चार खाताधारक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। विवेचना में सामने आया कि आरोपित दो हजार से 15 हजार रुपये तक के कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल सिम कार्ड साइबर अपराधियों या उनके एजेंटों को उपलब्ध कराते थे।
इन खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त रकम को विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित कर वास्तविक अपराधियों की पहचान छिपाने के लिए किया जाता था। जांच के दौरान बंधन बैंक और इंडियन बैंक के खातों में संदिग्ध लेनदेन पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल फोन, सिम कार्ड तथा अन्य बैंक संबंधी दस्तावेज जब्त किए।
यह भी पढ़ें- रायपुर में 36 घंटे में तीन हत्याएं... कहीं बेवफाई बनी वजह, कहीं लिव-इन विवाद, चौकीदार हत्याकांड अब भी रहस्य
गिरफ्तार आरोपितों में डी. श्रीनिवास राव(32) सेक्टर-02 भिलाई, मनीष सिंह मट्टू(36) सेक्टर-02 भिलाई, जितेन्द्र साहू(37) करहीडीह दुर्ग, यश यादव(20) गिरधारी नगर दुर्ग, मयंक पटेल(25) शंकर नगर दुर्ग, रोशन सारथी(24) बजरंग नगर दुर्ग, तुषार कसरे(22) शंकर नगर दुर्ग, प्रवीण कुमार(21) समोदा, प्रवीण कुशवाहा(25) वार्ड क्रमांक-10 शंकर नगर दुर्ग, अजय बंसोड़(44) बीड़ी कालोनी उरला, संगीत साहू(28) हरना बांधा दुर्ग, उभय यादव(20) निवासी नेहरू भवन के पीछे सुपेला और डीलेश मरकाम निवासी सिकोला बस्ती दुर्ग शामिल है।