छत्तीसगढ़ में पूर्व विधायक लाभचंद बाफना का मोबाइल हैक, संपर्कों से मांगे जा रहे पैसे
साजा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव गृह एवं जेल रहे लाभचंद बाफना का मोबाइल फोन हैक किए जाने का मामला सामने आया है।
Publish Date: Thu, 20 Aug 2026 05:04:02 PM (IST)Updated Date: Thu, 20 Aug 2026 05:04:02 PM (IST)
HighLights
- अलग-अलग कारण बताकर पैसों की मांग की जा रही
- मामला सामने आने के बाद लोगों को सतर्क किया गया
- प्रतिनिधि ने नंदिनी नगर थाने पहुंचकर जानकारी दी
नईदुनिया प्रतिनिधि,भिलाई। साजा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव गृह एवं जेल रहे लाभचंद बाफना का मोबाइल फोन हैक किए जाने का मामला सामने आया है। हैकर ने उनके मोबाइल में सेव संपर्क नंबरों तक पहुंच बनाकर कई लोगों से पैसे की मांग शुरू कर दी।
मोबाइल से जुड़े लोगों को अलग-अलग संदेश भेजकर आर्थिक मदद अथवा पैसे भेजने के लिए कहा जा रहा है। मामला सामने आने के बाद पूर्व विधायक बाफना ने इसकी शिकायत नंदिनी नगर थाने में की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
अलग-अलग कारण बताकर पैसों की मांग की जा रही
जानकारी के अनुसार, अहिवारा निवासी पूर्व विधायक लाभचंद बाफना का मोबाइल फोन किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हैक कर लिया गया। इसके बाद उनके मोबाइल में सेव संपर्क नंबरों का इस्तेमाल करते हुए संबंधित लोगों को संदेश भेजे जाने लगे। संदेशों में अलग-अलग कारण बताकर पैसों की मांग की जा रही है।
जब कुछ लोगों ने बाफना से सीधे संपर्क कर इस संबंध में जानकारी ली, तब उन्हें मोबाइल हैक होने की जानकारी मिली।
मामला सामने आने के बाद लोगों को सतर्क किया गया
मोबाइल हैक होने की खबर फैलते ही बाफना से जुड़े लोगों और परिचितों में भी चिंता की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि हैकर ने मोबाइल में मौजूद संपर्कों का इस्तेमाल कर उनकी पहचान और संबंधों का फायदा उठाते हुए पैसे मांगने का प्रयास किया। हालांकि, समय रहते मामला सामने आने के बाद लोगों को सतर्क किया गया है।
प्रतिनिधि ने नंदिनी नगर थाने पहुंचकर जानकारी दी
पूर्व विधायक बाफना के प्रतिनिधि ने नंदिनी नगर थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी और मोबाइल हैक करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत में मोबाइल फोन को हैक किए जाने तथा उसमें मौजूद संपर्क नंबरों के माध्यम से पैसों की मांग किए जाने की जानकारी दी गई है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि मोबाइल फोन किस तरह हैक हुआ और हैकर ने किस माध्यम से मोबाइल में मौजूद संपर्कों तक पहुंच बनाई।
साथ ही, किन-किन नंबरों पर संदेश भेजे गए और कितने लोगों से पैसे की मांग की गई, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस साइबर तकनीक की मदद से मोबाइल हैक करने वाले व्यक्ति अथवा गिरोह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मोबाइल हैक होने के बाद बाफना के संपर्क में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। यदि उनके नाम या मोबाइल नंबर से किसी व्यक्ति को पैसे भेजने का संदेश प्राप्त होता है तो बिना पुष्टि किए किसी भी खाते या यूपीआई नंबर पर राशि नहीं भेजने की अपील की गई है। ऐसे किसी भी संदेश की जानकारी सीधे बाफना या पुलिस को देने को कहा गया है।
गौरतलब है कि साइबर अपराधी अक्सर किसी व्यक्ति के मोबाइल, सोशल मीडिया अकाउंट या मैसेजिंग एप तक अनधिकृत पहुंच बनाकर उसके संपर्कों से आर्थिक मदद के नाम पर पैसे मांगते हैं। किसी प्रतिष्ठित या सार्वजनिक व्यक्ति के नाम और पहचान का इस्तेमाल कर इस तरह की ठगी का प्रयास किया जाना पुलिस के लिए भी गंभीर मामला है।
फिलहाल नंदिनी नगर पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मोबाइल हैक करने वाले व्यक्ति और पैसे की मांग के पीछे की पूरी साजिश का पर्दाफाश हो सकेगा।