
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। शहर के हाई कोर्ट रोड पर एक चलती कार में कुछ युवतियों द्वारा सनरूफ खोलकर स्टंट करने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक कार तेज रफ्तार में सड़क पर दौड़ रही है।
कार का ड्राइवर वाहन को लहराते हुए चला रहा है, जिससे उसकी गति और नियंत्रण दोनों अस्थिर दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान कार की सनरूफ खुली हुई है और उसमें बैठी कुछ युवतियां खड़े होकर या बाहर झुककर स्टंट करती नजर आ रही हैं। यह पूरा दृश्य न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन करता है, बल्कि गंभीर दुर्घटना की आशंका भी पैदा करता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना रात के समय हाई कोर्ट रोड जैसे व्यस्त मार्ग पर हुई, जहां आमतौर पर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने इस तरह के खतरनाक स्टंट पर नाराजगी जताई है और इसे आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताया है। लोगों का कहना है कि इस तरह की हरकतें न केवल स्टंट करने वालों की जान जोखिम में डालती हैं, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और पैदल यात्रियों के लिए भी दुर्घटना का कारण बन सकती हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट मीडिया पर भी लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कई यूजर्स ने इसे लापरवाही की हद बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं कुछ लोगों ने यातायात पुलिस से ऐसे मामलों पर निगरानी बढ़ाने और सख्त चालान की कार्रवाई करने की अपील की है। इस मामले को लेकर ट्रैफिक पुलिस भी सक्रिय हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।