
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। तोरवा के छठघाट स्थित मुक्तिधाम में एक व्यक्ति ने अपने पालतू कुत्ते का अंतिम संस्कार करा दिया। इसकी जानकारी मिलते ही मोहल्ले के लोग आक्रोशित हो गए। पार्षद के माध्यम से एक शिकायत तोरवा थाने में दी गई है। इसके आधार पर पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
तोरवा टीआई रजनीश सिंह ने बताया कि तोरवा क्षेत्र में रहने वाले एक परिवार ने कुत्ता पाल रखा था। उनके कुत्ते की गुरुवार को मौत हो गई। पालतु की मौत के बाद परिवार के लोग उसे तोरवा मुक्तिधाम लेकर गए। मुक्तिधाम के पास मौजूद एक युवक से बात कर उन्होंने कुत्ते को मुक्तिधाम में ही जलाने के लिए कहा।
युवक ने पहले भी पालतु पशुओं को जलाने की बात कही। उसने परिवार के लोगों से रुपये लेकर कुत्ते को मुक्तिधाम में जला दिया। इसकी जानकारी लगते ही मोहल्ले के लोग आक्रोशित हो गए। मुक्तिधाम में कुत्ते को जलाने को परंपराओं के विपरीत मानते हुए लोगों ने इसका विरोध किया।
यह भी पढ़ें- सस्ते पनीर का खेल खत्म! मिलावट पर कार्रवाई होते ही बिलासपुर में दोगुनी हुई दूध की मांग
साथ ही पार्षद को इसकी जानकारी दी। तब पार्षद ने इस पूरे मामले की शिकायत तोरवा थाने में की। तोरवा पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मुक्तिधाम में कुत्ते को जलाने वाला युवक फरार हो गया है। साथ ही संबंधित परिवार के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।