मध्यप्रदेश से मरवाही में घुसे 3 हाथी दहशत मचा रहे भारी तबाही, 3 मकान तोड़े, 15 किसानों की फसल रौंदी
मरवाही वन मंडल में तीन हाथियों के दल ने मध्य प्रदेश सीमा से प्रवेश कर चिचगोहना और घुसरिया गांव में तीन मकान तोड़ दिए और 15 किसानों की फसलें रौंद दीं। ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 05 Aug 2026 08:51:40 AM (IST)Updated Date: Wed, 05 Aug 2026 08:51:40 AM (IST)
एक किसान की खेत में तीनों हाथी।HighLights
- मध्यप्रदेश की सीमा से मरवाही वन क्षेत्र में पहुंचा हाथियों का दल।
- फसल और मकानों के नुकसान का आकलन कर रहा वन विभाग।
- हाथियों की हर गतिविधि पर लगातार नजर रख रहा अमला।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: मरवाही वन मंडल क्षेत्र में तीन हाथियों का दल लगातार विचरण कर रहा है। हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। नुकसान भी पहुंचा रहे हैं। चिचगोहना गांव में तीन मकानों को क्षतिग्रस्त करने के साथ ही घुसरिया और चिचगोहना गांवों में करीब 15 किसानों की फसलों को भी हाथियों ने रौंद दिया है। फसल और मकानों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए वन विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रही है।
अधिकारियों के अनुसार जांच के बाद नियमानुसार प्रभावित ग्रामीणों को सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हाथियों की मौजूदगी के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और हाथियों की हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए अमले को तैनात किया गया है। विभाग द्वारा प्रभावित गांवों में लगातार निगरानी के साथ ग्रामीणों को सावधानी बरतने की समझाइश दी जा रही है।
विभाग के अनुसार तीनों हाथी वर्तमान में मरवाही वन परिक्षेत्र के सिवनी परिसर अंतर्गत घुसरिया बीट के कक्ष क्रमांक 2051 में मौजूद हैं। हाथियों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है। ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से बचने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
यह भी पढ़ें- रतनपुर में हादस: एनएच पर खड़े खराब ट्रेलर से भिड़े दो ट्रेलर, केबिन में फंसे चालक, एक गंभीर
मध्य प्रदेश की सीमा से मरवाही में प्रवेश
हाथियों का यह दल मध्यप्रदेश की सीमा की ओर से मरवाही वन क्षेत्र में पहुंचा है। वन विभाग ने संभावना जताई है कि आने वाले दिनों में हाथियों का दल सिवनी, मरवाही, सचराटोला और पंडरी क्षेत्रों की ओर बढ़ सकता है। इसे देखते हुए इन क्षेत्रों के वन कर्मचारियों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अकेले जंगल की ओर न जाएं, हाथियों के करीब जाने का प्रयास न करें और हाथियों के दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।