नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: सरकंडा क्षेत्र में रहने वाली नाबालिग को डरा-धमकाकर उसके परिवार से करीब 450 ग्राम सोने के जेवर और 14.50 लाख रुपये हड़पने के चर्चित मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से कम कीमत पर सोने के जेवर खरीदने वाले दो खरीदारों समेत पांच और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक एक महिला समेत नौ आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि सरकंडा क्षेत्र में रहने वाले पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जनवरी 2025 से एक जुलाई 2026 के बीच आरोपित ने उसकी नाबालिग नातिन को लगातार डरा-धमकाकर और स्वजन की हत्या की धमकी देकर उससे 14.50 लाख रुपये तथा लगभग 450 ग्राम सोने के जेवर अपने कब्जे में ले लिए। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की टीम ने दो अगस्त को आयुष यादव, आदर्श शर्मा, प्रिंस साहू और आदित्य पांडे को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में अन्य आरोपित के नाम सामने आने पर पुलिस ने लगातार 72 घंटे तक छापेमारी कर प्रियम शर्मा, आकाश झा, शौर्य करोलिया, राजेश सोनी उर्फ राजू और खुशबू बुधिया को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि भयादोहन से हासिल किए गए सोने के जेवर कम कीमत पर खरीदकर छिपाए गए थे। पुलिस ने आरोपित और खरीदारों के कब्जे से सोने के जेवर तथा नकद राशि बरामद कर विधिवत जब्त कर ली है।
गिरफ्तार ज्वेलरी व्यवसायी राजेश सोनी और खुशबू बुधिया पर अवैध रूप से सोने के जेवर खरीदने का आरोप है। सभी आरोपितों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें- महासमुंद संप्रेषण गृह से 8 किशोर फरार, छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान; मुख्य सचिव से मांगा जवाब
चोरी के जेवर अवैध तरीके से खरीदती रही
पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपित खुशबू बुधिया पर पहले भी चोरी के जेवर खरीदने के आरोप लग चुके हैं। सरकंडा क्षेत्र में इसी तरह के भयादोहन के एक मामले में महिला ने अवैध रूप से जेवर की खरीदारी की थी। अब पुलिस को महिला के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं।
पूछताछ में आरोपित युवकों ने बताया कि उन्होंने महिला को करीब 15 तोला सोने के जेवर दिए। इसके बदले महिला ने उन्हें महज तीन लाख रुपये दिए थे। इन रुपयों से आरोपित युवक बाहर घूमने गए थे।
आधा दर्जन व्यापारियों से हुई पूछताछ
आरोपित प्रियम और शौर्य करोलिया शातिर बदमाश हैं। पहले तो दोनों पुलिस को गोलमोल जवाब देकर गुमराह करते रहे। आरोपित के बयान के आधार पर पुलिस ने करीब आधा दर्जन व्यापारियों से पूछताछ की। बाद में कड़ाई करने पर आरोपित ने राजेश सोनी और खुश्बू बुधिया के पास सोना बेचना बताया। बयान की तस्दीक के बाद पुलिस ने आरोपित के कब्जे से करीब 170 ग्राम सोना जब्त किया है।
और भी लोगों के नाम आएंगे सामने
आरोपित युवकों के बयान के आधार पर पुलिस को अभी आधा सोना ही मिल सका है। बताया जाता है कि आरोपित युवकों ने सोने के जेवर अलग-अलग जगहों पर बिक्री है। पुलिस की टीम उनसे मिली जानकारी के आधार पर अन्य खरीदारों की जानकारी जुटा रही है। मामले में और भी लोगों के नाम सामने आने की बात कही जा रही है। इससे सोने के और भी जेवर बरामद होंगे।