राजस्थान में बिलासपुर की बेटी से दरिंदगी, ससुराल में जेठ ने लूटी आबरू, पति ने की खुदकुशी; जान बचाकर मायके पहुंची पीड़िता
वैवाहिक वेबसाइट के जरिए हुई शादी एक युवती के लिए दर्दनाक साबित हुई। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 08 May 2026 09:11:23 PM (IST)Updated Date: Fri, 08 May 2026 09:11:23 PM (IST)
जान बचाकर मायके पहुंची पीड़िता( सांकेतिक फोटो)HighLights
- वैवाहिक वेबसाइट के जरिए हुई थी शादी
- जेठ पर दुष्कर्म और प्रताड़ना का आरोप
- पति की खुदकुशी के बाद मामला दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। वैवाहिक वेबसाइट के जरिए हुई शादी एक युवती के लिए दर्दनाक साबित हुई। राजस्थान स्थित ससुराल पहुंचने के बाद विवाहिता को जेठ की प्रताड़ना और दुष्कर्म का शिकार होना पड़ा। बाद में घटनाक्रम इतना बढ़ा कि उसके पति ने खुदकुशी कर ली। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपित जेठ के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है।
क्या है मामला
महिला थाना पुलिस के अनुसार बिलासपुर की रहने वाली युवती का संपर्क वैवाहिक वेबसाइट के माध्यम से राजस्थान के एक युवक से हुआ था। दोनों परिवारों की सहमति के बाद एक वर्ष पूर्व उज्जैन में विवाह संपन्न हुआ। शादी के बाद ससुराल पहुंचने पर विवाहिता को पता चला कि उसके जेठ ने अपनी पत्नी को मारपीट कर घर से निकाल दिया था और उसके पति पर भी धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं।
पति ने नहीं दिया साथ
पीड़िता के अनुसार ससुराल में उसका जेठ शुरुआत से ही उस पर गलत नजर रखता था। एक दिन मौका पाकर उसने विवाहिता के साथ दुष्कर्म किया। जब उसने पूरी घटना अपने पति को बताई, तो पति ने परिवार और समाज की बदनामी का हवाला देकर उसे चुप रहने के लिए कहा। इसके बाद भी जेठ द्वारा प्रताड़ना और शोषण जारी रहा।
ससुराल छोड़कर मायके पहुंची महिला
लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर विवाहिता 25 अप्रैल को ससुराल से निकल गई और मोबाइल बंद कर किसी तरह बिलासपुर पहुंची। इसके बाद 26 अप्रैल को पति ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।
मामला तब और गंभीर हो गया जब 28 अप्रैल को जेठ ने विवाहिता के मायके वालों को सूचना दी कि उसके पति ने खुदकुशी कर ली है।
बीमार हालत में दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद सदमे और बीमारी की हालत में कुछ दिन रहने के बाद पीड़िता महिला थाने पहुंची और आरोपी जेठ के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर शून्य पर अपराध दर्ज कर मामला संबंधित क्षेत्र में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।