
नईदुनिया प्रतिनिधि, धमतरी। थाना बोरई क्षेत्र के ग्राम नवागांव में सालों से एक मतांतरित महिला की मृत्यु के बाद उसके अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। ग्राम नवागांव निवासी पीयन बाई साहू (55) का बुधवार शाम को निधन हो गया। बताया जा रहा है कि महिला ने कुछ समय पूर्व धर्म परिवर्तन किया था।
इसके बाद अंतिम संस्कार को लेकर साहू समाज और ग्राम व्यवस्था समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम समिति अध्यक्ष हेमराय साहू, सरपंच दिनेश्वरी नेताम और साहू समाज अध्यक्ष रविंद्र साहू सहित करीब 100 ग्रामीण शामिल हुए। मृतका के भाई उमेश साहू और जयंत साहू की मौजूदगी में अंतिम संस्कार को लेकर चर्चा की गई।
ग्रामीणों और समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि जब तक मृतका के परिजन हिंदू धर्म और समाज में वापसी नहीं करते, तब तक शव के दफन अथवा अंतिम संस्कार की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इस मुद्दे को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। समाज और ग्राम समिति की बैठक में अंतिम संस्कार को लेकर सहमति बनाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन और पुलिस की ओर से मामले की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें- धमतरी में सनसनीखेज वारदात, आधी रात खून से लथपथ मिली युवक की लाश; धारदार हथियार से हमला कर हत्या