नईदुनिया न्यूज, राजिम। छत्तीसगढ़ के राजिम-गरियाबंद मार्ग पर पांडुका के आगे पोंड गांव के पास स्टेट हाईवे पर मितानिन संघ के प्रदर्शन के कारण पिछले एक घंटे से जाम की स्थिति बनी हुई है। मितानिन संघ की सदस्यों ने अपनी मांगों को लेकर सड़क पर चक्का जाम किया है, जिससे दोनों दिशाओं में वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।
जानकारी के अनुसार, मितानिन संघ अपनी सेवाओं के लिए बेहतर मानदेय, नियमितीकरण और अन्य सुविधाओं की मांग कर रहा है। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी की और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। इस चक्का जाम के कारण स्थानीय लोगों, यात्रियों और व्यापारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर जाम खुलवाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक स्थिति सामान्य नहीं हो सकी है। जाम के कारण स्कूल बसें, एबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। प्रशासन ने यात्रियों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से इस मुद्दे का जल्द समाधान करने की मांग की है ताकि यातायात व्यवस्था बहाल हो सके।