
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजिम/गरियाबंद: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के दुतकैंया गांव में शिवलिंग खंडित करने के एक पुराने विवाद के चलते रविवार को दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हुई। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घरों पर हमला कर आगजनी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया।
गुस्साए लोगों ने पुलिस पर भी पथराव किया, जिसमें एक जवान घायल हो गया। उसे बेहोशी की हालत में अस्पताल ले जाया गया। देर रात आईजी भी घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को रायपुर के डॉ. आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराए जाने की बात सामने आ रही है।

जानकारी के अनुसार, यह विवाद एक साल पहले मंदिर में शिवलिंग तोड़ने से संबंधित है। जेल से जमानत पर छूटे आरोपी आरिफ और उसके साथियों ने हंगामा मचाया और शिकायतकर्ता और गवाहों के साथ मारपीट की। पिछले वर्ष दुतकैंया गांव में शिव मंदिर के खंडन का मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस ने आरिफ सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

जमानत पर छूटने के बाद आरोपी आरिफ रविवार को दिन में 2-3 बजे के आस-पास अपने दोस्तों के साथ मिलकर शिवलिंग मामले में शिकायत दर्ज करवाने वाले युवकों से विवाद करने पहुंच गया। यहां आरोपियों ने गांव के कुछ युवकों पर रॉड और पत्थरों से हमला कर दिया। जिसके बाद आरोपी आरिफ और उसके साथी मौके से भाग गए।

दूसरे पक्ष के युवकों ने गांववालों को इसकी जानकारी दी। इस पर हिंदू समुदाय के ग्रामीण उस इलाके में पहुंचे, जहां आरिफ और अन्य अरोपियों के घर थे। यहां पर मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने मामले को शांति से निपटाने के बजाए उसे और तूल दे दिया। देखते ही देखते रविवार शाम 6 बजे के करीब विवाद ने बलवे और आगजनी का रूप ले लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा। लेकिन उग्र ग्रामीणों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। इस बलवे में दोनों पक्षों के कई ग्रामीण घायल हो गए हैं। वहीं एक पुलिस का जवान भी घायल है। घायलों को रायपुर के डॉ. अंबेडकर अस्पताल लाया गया है।
दो समुदायों के बीच हुए विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया, जिसके बाद गांव में हिंसा, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हुईं। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए राजिम, फिंगेश्वर, महासमुंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। दमकल वाहन भी लगाए गए।
यह भी पढ़ें- रेलपांत गायब कर पुलिस को सुनाई डकैती की झूठी कहानी, जेसीबी ऑपरेटर समेत दो गिरफ्तार
एसपी वेदव्रत सिरमौर ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी गई है। घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आगजनी और तोड़फोड़ से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।