SECL में नौकरी के नाम पर 12 लाख की ठगी: ठगी के पैसों से खरीदी थी बोलेरो, मुख्य आरोपी कोरबा से गिरफ्तार
सक्ती जिले की मालखरौदा पुलिस ने SECL गेवरा प्रोजेक्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर 12 लाख रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी सुरेश कुमार दुबे को कोरबा से ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 17 May 2026 02:04:53 PM (IST)Updated Date: Sun, 17 May 2026 02:04:53 PM (IST)
आरोपित सुरेश कुमार दुबेHighLights
- मामले में सक्ती पुलिस का बड़ा एक्शन:
- झांसा देने वाला सुरेश दुबे चढ़ा हत्थे।
- साइबर सेल की मदद से पकड़ाया।
नईदुनिया न्यूज, सक्ती : नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपित को मालखरौदा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपित लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपित ने प्रार्थी एवं अन्य पीड़ितों से कुल 12 लाख रुपये की ठगी की थी तथा ठगी की रकम में से पांच लाख 75 हजार रुपये से बोलेरो वाहन खरीदा था।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी डालेश्वर प्रसाद चंद्रा, निवासी ग्राम सकर्रा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने एसईसीएल गेवरा प्रोजेक्ट में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे रुपये लिए हैं। जांच के दौरान यह सामने आया कि वर्ष 2011 में आरोपित सुरेश कुमार दुबे (57 वर्ष), ग्राम नुनेरा (भेलवाभांटा), थाना पाली, जिला कोरबा ने प्रार्थी एवं अन्य लोगों से नौकरी लगाने के नाम पर करीब 12 लाख रुपये वसूल किए थे।
शिकायत की जांच पूर्ण होने के बाद 16 अगस्त को थाना सक्ती में धारा 420 भादवि मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपित सुरेश कुमार दुबे लगातार फरार था।
इसी दौरान साइबर टीम को सूचना मिली कि आरोपित अपने गांव नुनेरा आया हुआ है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपित को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपित सुरेश कुमार दुबे ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद 16 मई को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़े -
कोटमी सोनार में घर से 20 लाख के जेवर व नगदी पार
नईदुनिया न्यूज, कोटमी सोनार : ग्राम कोटमी सोनार में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों सोने-चांदी के जेवर, नगदी और कीमती सामान सहित करीब 20 लाख रुपये का सामान पार कर ले गए। वारदात के बाद गांव के लोग दहशत में हैं।
अकलतरा क्षेत्र के ग्राम कोटमी सोनार में बीती रात अज्ञात चोरों ने सोनार पारा स्थित स्वर्गीय रागेश उर्फ बाबा सोनी के घर को निशाना बनाया। घर में केवल दो बुजुर्ग महिलाएं रहती हैं। देर रात चोरों ने घर के सूनेपन का फायदा उठाकर अंदर प्रवेश किया और अलमारी सहित अन्य स्थानों में रखे जेवर एवं नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
सुबह घर में मौजूद अन्नपूर्णा सोनी जब आंगन की ओर पहुंचीं तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा मिला। अलमारी खुली हुई थी और घर का सामान अस्त-व्यस्त देखकर उनके होश उड़ गए।वारदात की जानकारी तत्काल परिवारजनों और मोहल्ले के लोगों को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस सहायता केंद्र की प्रभारी प्रतिभा राठौर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने डाग स्क्वाड की मदद से आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन डाग बीच रास्ते में दिशा भटक गया। इसके बाद फिंगर प्रिंट एवं फारेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी जा रही है, हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन अभी जारी है। पुलिस ने जल्द ही आरोपितों तक पहुंचने का दावा किया है।