खबर का असर: स्वामी आत्मानंद स्कूल बाराद्वार में हिंदी-संस्कृत की परीक्षा स्थगित, विद्यार्थियों को पढ़ाई शुरू होने का इंतजार
'नईदुनिया' में खबर छपने के बाद बाराद्वार के स्वामी आत्मानंद स्कूल प्रशासन ने बिना पढ़ाई के आयोजित होने वाली हिंदी और संस्कृत की परीक्षाओं को स्थगित कर...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 09 Aug 2026 09:51:44 AM (IST)Updated Date: Sun, 09 Aug 2026 09:51:44 AM (IST)
HighLights
- नईदुनिया की खबर पर प्रबंधन का फैसला।
- बिना पढ़ाई के परीक्षा थोपने पर प्रशासन में हड़कंप।
- अभिभावकों की चिंता और विरोध के बाद जागा स्कूल प्रबंधन।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बाराद्वार : स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बाराद्वार में हिंदी और संस्कृत विषय की पढ़ाई शुरू नहीं होने के बावजूद परीक्षा कराए जाने की तैयारी के मामले में खबर का असर हुआ है। संबंधित विषयों की नियमित कक्षाएं संचालित नहीं होने के कारण विद्यालय प्रबंधन ने कक्षा पहली से पांचवीं की हिंदी और छठवीं से आठवीं की संस्कृत परीक्षा स्थगित कर दी है। अब इन परीक्षाओं के आयोजन की नई तिथि बाद में जारी की जाएगी।
दरअसल, नए शैक्षणिक सत्र को डेढ़ माह से अधिक समय बीतने के बावजूद विद्यालय में कक्षा पहली से पांचवीं की हिंदी और छठवीं से आठवीं तक संस्कृत विषय की पढ़ाई शुरू नहीं हो सकी थी। इसके बावजूद आठ अगस्त से एफए-01 परीक्षा प्रस्तावित थी। इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों में चिंता की स्थिति थी।
मामले को लेकर शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर वैकल्पिक शिक्षण व्यवस्था की मांग की थी। इसके बाद सात अगस्त को नईदुनिया ने बिना पढ़े ही परीक्षा देने को मजबूर स्वामी आत्मानंद विद्यालय के विद्यार्थी शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की।
यह भी पढ़ें- CG में केमिकल डालकर काले कागज से करेंसी बनाने का खेल, तीन आरोपी गिरफ्तार; मास्टरमाइंड पर पहले भी मामले दर्ज
खबर सामने आने के बाद विद्यालय प्रबंधन ने संबंधित विषयों की परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया। प्राचार्य की ओर से विद्यार्थियों को सूचना प्रसारित कर बताया गया कि कक्षा पहली से पांचवीं की हिंदी और छठवीं से आठवीं तक संस्कृत की परीक्षा अग्रिम सूचना तक स्थगित रहेगी। इससे विद्यार्थियों को राहत मिली है। अब अभिभावकों की नजर संबंधित विषयों की नियमित पढ़ाई शुरू कराने और परीक्षा की नई तिथि घोषित किए जाने पर है।