
कांकेर। जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला पुलिस, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को थाना छोटेबेठिया के ग्राम आमाटोला के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों के डंप से भारी मात्रा में हथियार और अन्य सामग्री बरामद की है।
इसी क्रम में आज 23 जून को छोटेबेठिया क्षेत्र के आमाटोला के जंगलों में सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों को नक्सल डंप का पता चला। मौके से 4 भरमार बंदूक, 2 वायरलेस सेट, 1 रेडियो, 1 नक्सल वर्दी, 2 पोच, 1 चार्जर, 1 बैटरी और नक्सल साहित्य सहित अन्य सामग्री बरामद की गई।
इस ऑपरेशन का नेतृत्व 94वीं वाहिनी बीएसएफ के एसी योगेश कुमार और इंस्पेक्टर सुमन कंथोसू ने किया। जिला पुलिस, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता के साथ सघन सर्चिंग अभियान चलाया था।
एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि कांकेर पुलिस द्वारा नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार संयुक्त अभियान संचालित किया जा रहा है। क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन सर्चिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नक्सल उन्मूलन अभियान को प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।