
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : शराब के नशे में घर लौटे भतीजे को मौसी की डांट इतनी नागवार गुजरी कि उसने लकड़ी से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर रुप से चोट लगने से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर किया। तब स्वजन उसे वापस घर ले आए, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
घटना बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के पुरैना गांव की है। पुलिस ने हत्या के आरोप में भतीजे तीरथराम यादव को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि 45 वर्षीय तीरथराम यादव रविवार शाम कहीं से घूमकर अपने घर लौटा था। वह शराब के नशे में था। रात करीब नौ बजे के बीच उसकी मौसी मोहन कुंवर बाई 55 वर्ष भी घर पर मौजूद थी।
बताया जा रहा है कि युवक के रोज शराब पीकर देर से घर आने और बेवजह इधर-उधर घूमने को लेकर मौसी ने उसे फटकार लगाई। इसी बात से नाराज होकर तीरथराम अपना आपा खो बैठा।आरोपित ने घर में रखी आग जलाने वाली लकड़ी और डंडे से मोहन कुंवर बाई पर हमला कर दिया। उसने महिला के सिर पर कई वार किए।
यह भी पढ़ें- अरपा में सीवेज बहने पर हाई कोर्ट का सवाल- क्या बिलासपुर के सभी 70 नाले छह एसटीपी से जुड़े हैं?
हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर घर में गिर पड़ी। चीख-पुकार सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग वहां पहुंचे। घटना के समय आरोपित की पत्नी, बच्चे और मृतका की बड़ी बहन के भी घर में मौजूद थी। गंभीर रुप से चोट लगने पर घायल महिला को स्वजन तत्काल सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे।
उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। हालांकि स्वजन उसे बाहर उपचार कराने ले जाने के बजाय वापस घर ले आए। जहां कुछ देर बाद महिला की मौत हो गई।