कोरबा में गांव वालों ने मचाया शोर तो गाड़ी छोड़ भागे चोर, नगर सेना कर्मी के सूने घर से लाखों की चोरी
कोरबा जिले के उरगा थानांतर्गत ग्राम पहंदा में शनिवार देर रात नगर सेना में पदस्थ दिलीप रात्रे के सूने मकान में चोरों ने धावा बोलकर ₹1 लाख से अधिक के जे...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 04 Oct 2026 09:56:15 PM (IST)Updated Date: Sun, 04 Oct 2026 09:56:15 PM (IST)
HighLights
- कोरबा के पहंदा में सूने मकान पर धावा, 1 लाख के जेवरात पार, मौके पर मिली स्कूटी खोलेगी राज
- डोंगरगढ़ गया था परिवार, पीछे से हो गया हाथ साफ, उरगा में चोरों की स्कूटी जब्त, सीसीटीवी जांच शुरू
- नगर सेना जवान के घर में चोरी, ग्रामीणों की मुस्तैदी से भागे आरोपी, उरगा पुलिस दर्ज कर रही केस
नगर सेना कर्मी के सूने मकान में चोरी, शोर मचा तो स्कूटी छोड़ भागे
नईदुनिया न्यूज, कोरबा: उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पहंदा में शनिवार देर रात चोरों ने नगर सेना में पदस्थ कर्मी के सूने मकान को निशाना बनाया। चोर घर से नकदी और सोने-चांदी के जेवरात ले गए। इसी दौरान आसपास के ग्रामीणों को चोरों की गतिविधि की भनक लग गई और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया।
घबराकर चोर अपनी स्कूटी मौके पर छोड़कर भाग निकले। चोरी गए सामान की कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। ग्राम पहांदा निवासी दिलीप रात्रे नगर सेना में पदस्थ हैं। शनिवार को वे किसी काम से बाहर गए थे, जबकि उनके परिवार के सदस्य डोंगरगढ़ घूमने गए थे। घर में किसी के मौजूद नहीं होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोर देर रात मकान में घुसे।
उन्होंने अलमारी समेत घर के अन्य सामान को खंगाला और नकदी तथा जेवरात लेकर निकलने लगे। इसी दौरान आसपास के ग्रामीणों को घर में हलचल की जानकारी हुई। ग्रामीणों ने शोर मचाया तो चोर घबरा गए और मौके से भाग निकले।
जल्दबाजी में वे अपनी स्कूटी वहीं छोड़ गए। पुलिस ने स्कूटी को बरामद कर लिया है। उसके पंजीयन और चेचिस नंबर के आधार पर मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है। सूचना मिलने पर उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने डाग स्क्वायड की मदद से घटनास्थल की जांच की और फिंगर प्रिंट समेत अन्य सुराग जुटाए।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि घटनास्थल से स्कूटी बरामद हुई है। उसके आधार पर चोरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के संदिग्धों से पूछताछ के साथ सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।