छत्तीसगढ़ के खल्लारी मंदिर में संचालित रोप-वे का केबल टूटा, एक महिला की मौत, 17 श्रद्धालु घायल, सीएम ने दिए जांच के आदेश, बोले-दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
Mahasamund News: खल्लारी स्थित प्रसिद्ध खल्लारी मंदिर में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मंदिर में संचालित रोप-वे का केबल अचानक टूट गया। घटना के समय र ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 22 Mar 2026 11:12:06 AM (IST)Updated Date: Sun, 22 Mar 2026 04:18:34 PM (IST)
HighLights
- रोप-वे सेवा को तत्काल बंद कर दिया गया
- स्थानीय लोगों ने लापरवाही का आरोप लगाया
- घायलों को जिला अस्पताल महासमुंद भेजा गया
नईदुनिया प्रतिनिधि। महासमुंद। खल्लारी स्थित प्रसिद्ध खल्लारी मंदिर में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मंदिर में संचालित रोप-वे का केबल अचानक टूट गया। घटना के समय रोप-वे में श्रद्धालु सवार थे, जिससे अफरा-तफरी मच गई। केबल टूटते ही ट्रॉली झटके के साथ नीचे की ओर आई, जिससे उसमें बैठे लोग घायल हो गए।
हादसे में कुल 17 श्रद्धालु घायल, एक महिला की मौत
हादसे में एक महिला की मौत हो गई है जबकि 17 श्रद्धालु घायल हुए हैं। नीचे वाली ट्राली में 9 लोग और ऊपर वाली ट्राली में 8 लोग सवार थे। मौके पर मौजूद लोगों और मंदिर प्रबंधन व पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल महासमुंद भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
रोप-वे सेवा को तत्काल बंद कर दिया गया
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर रोप-वे सेवा को तत्काल बंद कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
स्थानीय लोगों ने लापरवाही का आरोप लगाया
स्थानीय लोगों ने रोप-वे की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों के पालन में लापरवाही का आरोप लगाया है। प्रशासन ने मामले में जांच कर दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ज्ञात हो कि नवरात्र जारी है और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ है।
सीएम ने दिए घटना की जांच के आदेश
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में हुई रोप-वे दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। दुर्घटना में एक श्रद्धालु के निधन के समाचार से मन व्यथित है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार हेतु आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। इस घटना की विस्तृत जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
घायलों के नाम
- रतनलाल नागेश्वर 65
- हेमिन नागेश्वर 62
- हेमलाल नागेश्वर 38
- कुंती नागेश्वर 35
- पूर्वी नागेश्वर 7
- टिया 3
- अमलेश 30
(सभी टिकरापारा रायपुर निवासी।)
- कुमेश साहू 42
- तोमेश्वरी साहू 38
- हर्ष साहू 9
(सभी दलदलसिवनी, रायपुर निवासी।)
- ऋषभ धावरे 29
- छायांश धावरे 16
- आयुषी शतकर 28
- मानसी गड़रिया 13
(आदर्श नगर महासमुंद निवासी।)
- नमिता स्वामी 48
- अंकुष्मिता स्वामी 10
- गोविंद स्वामी 47
(तीनों स्वामी चौक महासमुंद निवासी।)
अप्रैल 2024 से शुरू है रोप-वे सेवा
महासमुंद जिले के प्रसिद्ध खल्लारी माता मंदिर में रोप-वे की सुविधा अप्रैल 2024 चैत्र नवरात्रि से पूरी तरह से संचालित है, जिससे श्रद्धालुओं को 842-981 सीढ़ियां चढ़ने की थकान से मुक्ति मिल गई है। रोप-वे का भूमिपूजन 2021 में किया गया था। इसका निर्माण कोलकाता की कंपनी "रोपवे एंड रिसॉर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने किया।
रोप-वे का संचालन मंदिर ट्रस्ट और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से नियमित रूप से भक्तों के लिए किया जा रहा है। चैत्र नवरात्र में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ी हुई है।
पहाड़ी की 130 मीटर की ऊंचाई को कवर करता है
इस रोप-वे परियोजना का निर्माण मंदिर ट्रस्ट और कोलकाता की इस निजी कंपनी ने मिलकर किया है। इस रोप-वे में कुल चार ट्रॉली लगाई गई हैं, जिसमें प्रत्येक ट्रॉली में 4 व्यक्ति बैठ सकते हैं। यह प्रणाली एक घंटे में लगभग 200 लोगों को दर्शन कराने की क्षमता रखती है। यह रोप-वे लगभग 300-350 मीटर लंबा है और पहाड़ी की 130 मीटर की ऊंचाई को कवर करता है।