
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायगढ़। शहर के वीआईपी इलाके निर्माणाधीन कांग्रेस कार्यालय में दो रात किशोरी से दुष्कर्म करने की घटना सामने आते ही लोगों में आक्रोश पनप गया। इस इलाके में चारों ओर वीआईपी निवास हैं, जिसमें वित्त मंत्री सरकारी आवास, एसएसपी आवास, महिला थाना मौजूद है। चंद कदम दूर रेलवे स्टेशन और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ चौक है।
महिला थाना में दर्ज शिकायत के मुताबिक 38 वर्षीय शादीशुदा आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर किशोरी से दो रातों तक दुष्कर्म किया। 11 जुलाई की सुबह 11 बजे आरोपी ने तीसरी बार किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास किया, तो पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी मां और वहां मौजूद लोगों को आपबीती बता दी।
बताया गया कि नाबालिग के पिता का निधन हो चुका है। वह जूटमिल क्षेत्र में अपनी मां के साथ रहती है। उसकी दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। पीड़िता की मां भीख मांगती है। शहर में कचरा बीनने और भिक्षावृत्ति करने वाली कुछ महिलाएं वित्त मंत्री निवास के सामने निर्माणाधीन भवन में अस्थाई रूप से आसरा लेती हैं। नाबालिग भी अपनी मां के साथ कई बार वहां रुकी थी, जिससे वहां रहने वाले अन्य लोगों से उसका परिचय हो गया था।
रिपोर्ट पर महिला थाना में आरोपित लफ्फू उर्फ विजय सारथी पिता स्व. विनोद सारथी उम्र 38 दरोगा पारा बुढ़मई मंदिर के पास थाना सिटी कोतवाली के खिलाफ धारा 65 (1) बी.एन.एस. 4 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है । प्रकरण के सभी पहलुओं पर संवेदनशीलता से विवेचना की जा रही है।