चाकू की नोंक पर फिल्मी अंदाज में 10 लाख की लूट, रायुपर में अकाउंटेंट को रास्ते में रोककर बदमाशों ने छीनी नकदी
बाइक सवार बदमाशों ने ठेकेदार के अकाउंटेंट को चाकू दिखाकर रोका और करीब 10 लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 16 Jun 2026 11:07:34 PM (IST)Updated Date: Tue, 16 Jun 2026 11:24:34 PM (IST)
चाकू दिखाकर 10 लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार। (AI से जेनरेट की गई इमेज) नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में मंगलवार रात लूट की वारदात सामने आई है। बाइक सवार बदमाशों ने ठेकेदार के अकाउंटेंट को चाकू दिखाकर रोका और करीब 10 लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सुनसान रास्ते पर घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, पीड़ित सागर डेहरिया एक ठेकेदार के यहां अकाउंटेंट का काम करता है। बताया जा रहा है कि वह नकदी लेकर सेरीखेड़ी से नया रायपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सुनसान रास्ते में बाइक पर सवार कुछ बदमाशों ने उसका पीछा किया और रास्ता रोक लिया।
चाकू दिखाकर छीना बैग
पीड़ित के अनुसार, बदमाशों ने चाकू निकालकर उसे डराया-धमकाया और उसके पास मौजूद नकदी से भरा बैग छीन लिया। बैग में करीब 10 लाख रुपये नकद होने की जानकारी सामने आई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेज रफ्तार बाइक से मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही फरार आरोपियों की पहचान के लिए विभिन्न टीमों को लगाया गया है।