• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
  • मेरी खबरें
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • कोरोना वायरस
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
  • वेब स्टोरीज
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • दतिया उपचुनाव
  • सावन माह
  • मानसून
  • मध्‍य प्रदेश की खबरें
  • राशि परिवर्तन
  • ए आई बूटकैंप
  • वास्‍तु शास्‍त्र
  • स्वच्छ जल
  • होम
  • छत्तीसगढ़
  • रायपुर

छत्तीसगढ़ में दो हजार पूर्व माओवादी शामिल होंगे तिरंगा यात्रा में, 11-15 अगस्त तक भाजपा निकालेगी यात्रा

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में 11 से 15 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाया जाएगा। माओवादी प्रभाव से मुक्त हुए बीजापुर, सुकमा और नारायणपुर के सुदूर गां...और पढ़ें

By Abhishek RaiEdited By: Paritosh Dubey
Publish Date: Sat, 08 Aug 2026 02:31:55 PM (IST)Updated Date: Sat, 08 Aug 2026 02:34:35 PM (IST)
छत्तीसगढ़ में दो हजार पूर्व माओवादी शामिल होंगे तिरंगा यात्रा में, 11-15 अगस्त तक भाजपा निकालेगी यात्रा
बस्तर में तिरंगा यात्रा की प्रतीकात्मक तस्वीर। एआई

HighLights

  1. बस्तर के सुदूर गांवों में फहराएगा राष्ट्रीय ध्वज
  2. 200 से अधिक आत्मसमर्पित माओवादी होंगे शामिल
  3. बलिदानियों के नाम पर होगा स्कूलों का नामकरण

राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। भारतीय जनता पार्टी 11 से 15 अगस्त तक राज्य में व्यापक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाएगी। इसकी कमान भारतीय जनता युवा मोर्चा के हाथों में होगी। अभियान के तहत तीन दशक बाद माओवादी प्रभाव से मुक्त हुए बस्तर के दूरस्थ गांवों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है, जहां वर्षों बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। यहां आत्मसर्मित लगभग दो हजार से अधिक माओवादी भी तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे। सरकार यहां शांति बहाली के साथ-साथ लोकतंत्र ही सर्वोपरि का संदेश देना चाहती है। 31 मार्च 2026 को बस्तर सहित पूरे देश से माओवादी हिंसा के खात्मे का ऐलान केंद्र सरकार कर चुकी है।

बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर के कई गांवों में पहली बार फहराया जाएगा तिरंगा

राज्य के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि सरकार के प्रयासों से बस्तर के सुदूर क्षेत्रों में राष्ट्रीयता का भाव जागा है। इस वर्ष बीजापुर के 33, सुकमा के 50 और नारायणपुर के नौ गांवों में पहली बार तिरंगा फहराया जाएगा। धुर माओवादियों के गांव रहे पूवर्ती, सिलगेर और दरभा जैसे संवेदनशील व दुर्गम क्षेत्रों को इस अभियान के जरिए राष्ट्रीय मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है, जिससे ये क्षेत्र ''कुख्यात'' से ''विख्यात'' पहचान की ओर बढ़ रहे हैं।


वीर जवानों के घर पहुंच रहे कार्यकर्ता

बस्तर संभाग में भव्य बाइक रैलियां निकाली जाएंगी। भारतीय जनता युवा मोर्चा और पार्टी कार्यकर्ता माओवादी उन्मूलन अभियान में बलिदान देने वाले वीर जवानों के स्वजन के घर जाकर उन्हें तिरंगा भेंट कर सम्मानित कर रहे हैं। 15 अगस्त को बस्तर संभाग के 500 से अधिक स्कूलों, प्रमुख चौराहों और सामुदायिक भवनों का नामकरण अमर बलिदानियों के नाम पर किया जाएगा।

राष्ट्र निर्माताओं के प्रति कृतज्ञता: अरुण साव

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि यह आयोजन राष्ट्र निर्माताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का भव्य माध्यम बनेगा। अरुण साव ने कहा कि वर्ष 2022 से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर शुरू किया गया यह अभियान युवाओं को राष्ट्रभक्ति से जोड़ने और ''एक भारत श्रेष्ठ भारत'' की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। इस वर्ष बस्तर के वे दुर्गम और माओवादी हिंसा प्रभावित क्षेत्र, जहां आजादी के बाद से कभी राष्ट्रध्वज नहीं फहराया जा सका था, वहां भी 15 अगस्त को तिरंगा लहराएगा।

10 अगस्त को राजधानी में ऐतिहासिक शुरुआत

प्रदेश की सभी 450 से अधिक भाजपा मंडल इकाइयों, ग्राम पंचायतों, निकायों और विकासखंड मुख्यालयों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। अभियान का औपचारिक आगाज 10 अगस्त को राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव से सुबह 10 बजे होगा। इस ऐतिहासिक यात्रा में मुख्यमंत्री, मंत्री, जनप्रतिनिधि, छात्र, एनसीसी कैडेट्स, पूर्व सैनिक, खिलाड़ी और विभिन्न समाजों के नागरिक पारंपरिक वेशभूषा और वाद्य यंत्रों के साथ शामिल होंगे। इंटरनेट मीडिया पर ''डिजिटल तिरंगा'' अभियान की जानकारी देते हुए नागरिकों से अपने घरों, संस्थानों में तिरंगा फहराकर तस्वीरें अपलोड करने का आग्रह किया।