
नईदुनिया न्यूज , भाटापारा। देश के अन्नदाताओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार की डिजिटल कृषि पहल 'एग्रीस्टैक' पर तेजी से काम शुरू हो गया है। इसी कड़ी में भाटापारा विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों में 10 अगस्त से 24 अगस्त तक विशेष एग्रीस्टैक पंजीयन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले ये शिविर सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होंगे।
इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य कृषि भूमि रखने वाले प्रत्येक किसान की डिजिटल पहचान स्थापित करना है। शिविर में मौके पर ही किसानों की यूनिक फार्मर आईडी तैयार की जाएगी और पंजीयन से जुड़ी समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाएगा।
कृषि विभाग के अनुसार, चाहे जमीन का रकबा कम हो या अधिक, प्रत्येक भूमिस्वामी किसान का एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन कराना अनिवार्य है। इस डिजिटल आईडी के बन जाने से किसानों को सरकारी योजनाओं, फसल बीमा और अन्य कृषि सेवाओं का लाभ लेने में भारी सुविधा होगी।
कृषि विभाग और प्रशासन ने सभी किसानों से अपील की है कि वे तय तिथि पर अपनी ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर में स्वयं उपस्थित रहें। पंजीयन प्रक्रिया के दौरान किसान के आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर दो बार ओटीपी (OTP) प्राप्त होगी, इसलिए भूमिस्वामी किसान का खुद मौजूद रहना और आधार कार्ड के साथ अपना लिंक मोबाइल नंबर साथ लाना बेहद जरूरी है। किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए किसान अपने हल्का पटवारी या स्थानीय कृषि विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।