
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। खरोरा थाना क्षेत्र में रायपुर-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह मंगोली चौक के पास ट्रक और क्रेटा कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में क्रेटा सवार चार लोग घायल हुए हैं। इनमें एक युवक की मौत होने की सूचना है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई।
पुलिस के मुताबिक क्रेटा वाहन क्रमांक CG 04 QH 6732 में ओमप्रकाश साहू, संजय साहू, शिवम साहू और रामेश्वर केंवट सवार थे। सभी भटगांव से रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मंगोली चौक के पास उनकी कार की ट्रक क्रमांक UP 32 JN 2667 से टक्कर हो गई।
हादसे में सभी चार लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। शिवम साहू को गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस को उसकी मौत होने की सूचना मिली है। हालांकि, मृतक की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि चिकित्सकीय जांच के बाद ही हो सकेगी।
DPCR कंट्रोल रायपुर से सूचना मिलने के बाद खरोरा पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए श्रीकृष्णा अस्पताल खरोरा रवाना किया। साथ ही घटनास्थल पर यातायात व्यवस्था संभाली गई। फिलहाल रायपुर-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर आवागमन सामान्य बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में ED की बड़ी कार्रवाई, पूर्व CM भूपेश बघेल के PA रहे केके चंद्रवंशी के आवास पर सुुबह-सुबह छापा
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। फरार चालक की पहचान और तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी है।