
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने से जुड़े कई प्रस्ताव रखे। बैठक का मुख्य फोकस बिलासपुर बायपास निर्माण, मुंबई- नागपुर समृद्धि मार्ग का रायपुर तक विस्तार और रायपुर–बिलासपुर सिक्स लेन ग्रीनफील्ड सड़क की मंजूरी पर रहा।
अरुण साव ने बिलासपुर शहर में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए उच्च न्यायालय बोदरी से सेंदरी तक 32 किमी लंबे फोरलेन बायपास की मांग की। यह बायपास शहर के प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर और लॉजिस्टिक पार्क को सीधे रायपुर–बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ेगा।
95 किमी लंबे सिक्स लेन मार्ग को मंजूरी देने का आग्रह
उन्होंने भारतमाला परियोजना के तहत रायपुर (आरंग) से बिलासपुर (दर्री) तक 95 किमी लंबे सिक्स लेन मार्ग को मंजूरी देने का आग्रह किया। इससे रायपुर और बिलासपुर के बीच की दूरी लगभग एक घंटे में तय हो सकेगी।
उपमुख्यमंत्री ने राज्य की औद्योगिक गतिविधियों को गति देने के लिए मुंबई–नागपुर समृद्धि मार्ग को रायपुर तक विस्तारित करने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने बताया कि एट लेन एक्सेस कंट्रोल कनेक्टिविटी मिलने से लौह अयस्क, कोयला, स्टील और सीमेंट के परिवहन में सुविधा होगी, जिससे राज्य के आर्थिक विकास को बल मिलेगा।
अरुण साव ने राज्य के 13 राष्ट्रीय राजमार्ग खंडों के उन्नयन के लिए फंड जारी करने और आठ प्रमुख राज्य सड़कों को नवीन राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से समय और ईंधन की बचत होगी और राज्य के उत्तरी व दक्षिणी हिस्सों के बीच संपर्क मजबूत होगा।
केंद्रीय खेल मंत्री डा. मनसुख मांडविया से भी मुलाकात
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने नई दिल्ली में केंद्रीय खेल मंत्री डा. मनसुख मांडविया से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य में खेल प्रशिक्षण और खेल अधोसंरचना को मजबूत करने से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी देने का अनुरोध किया।
उन्होंने खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत कुल 23 अधोसंरचनाओं के निर्माण प्रस्तावों को स्वीकृति देने की मांग की। साथ ही भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय केंद्र, नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस प्रारंभ करने, लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान ग्वालियर के क्षेत्रीय केंद्र, खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर बिलासपुर में दो अतिरिक्त खेलों की स्वीकृति और रायपुर में टेनिस के खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर को मंजूरी देने का अनुरोध किया।
यह भी पढ़ें- अब चेहरे से होगी e-KYC, वृद्ध, असहाय और बीमार राशनकार्ड धारकों को बड़ी राहत... घर बैठे मिलेगी सुविधा