
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। प्रदेश में नगरीय निकायों व त्रिस्तरीय पंचायतों के चुनाव और उपचुनाव के लिए सोमवार को मतदान होगा। चार को परिणामों की घोषणा की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी निकायों में मतदान सुबह आठ बजे से शुरू होगा, जो शाम पांच बजे तक चलेगा। त्रिस्तरीय पंचायतों में मतदान सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक होगा। मतदाताओं के लिए 18 पहचान पत्र निर्धारित किए गए हैं।
नगरपालिकाओं के अध्यक्ष के पांच व पार्षदों के 77 पदों और त्रिस्तरीय पंचायतों में जनपद पंचायत सदस्य के दस, सरपंच के 82 व पंच के 1,136 रिक्त पदों के लिए 11 मई से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई थी, जो 18 मई तक चली थी। नगरीय निकायों में 240 और त्रि-स्तरीय पंचायतों में 392 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
पंच पद के 1,136 पदों में से 385 पर नामांकन नहीं हुआ, जबकि 640 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। शेष 107 पदों पर मतदान होगा, जहां 246 प्रत्याशी मैदान में हैं। चार पदों पर नामांकन निरस्त हुए हैं।
सरपंच के लिए 82 में से 30 पदों पर नामांकन नहीं हुए हैं। तीन नामांकन निरस्त और 15 निर्विरोध चुने गए हैं। 34 पदों के लिए 105 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। इसी प्रकार जनपद सदस्य के 10 पदों के लिए 41 उम्मीदवार मैदान में हैं।
नगरीय निकाय निर्वाचन के अंतर्गत पार्षद पद के लिए 71 स्थानों पर मतदान होगा। 221 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। अध्यक्ष पद के पांच स्थानों पर निर्वाचन होगा, जिनके लिए 19 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया है।
नगरीय निकायों के 44,525 और त्रिस्तरीय पंचायतों के 10,37,789 मतदाता चुनाव में भाग लेंगे। निकायों के निर्वाचन के लिए 115 और त्रिस्तरीय पंचायतों के अंतर्गत 937 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। नगरीय निकायों के चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और त्रि-स्तरीय पंचायतों के चुनाव मतपेटी (बैलेट बॉक्स) के माध्यम से होंगे।
यह भी पढ़ें- नवजात का पैर आ गया था बाहर, दहलीज पर नर्स बोली- डॉक्टर नहीं है, यहां से ले जाओ, बिलासपुर में मानवता शर्मसार