
राज्य ब्यूरो,नईदुनिया,रायपुर। राज्य सरकार ने 12 तहसीलदारों को राज्य प्रशासनिक सेवा के कनिष्ठ श्रेणी वेतनमान में डिप्टी कलेक्टर के पद पदोन्नति करते हुए नवीन पदस्थापना दी है। ऐसा कामकाज में कसावट लाने के उद्देश्य से किया गया है। पदोन्नति के साथ ही इन सभी अधिकारियों को नवीन पदस्थापना (पोस्टिंग) सौंपते हुए अलग-अलग जिलों की कमान दी गई है।
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में तहसीलदार भवानी शंकर साव को महासमुंद से डिप्टी कलेक्टर बिलासपुर, मुकेश कुमार बजाज को आयुक्त भू-अभिलेख नवा रायपुर से डिप्टी कलेक्टर धमतरी, सालिक राम गुप्ता को बलरामपुर-रामानुजगंज से डिप्टी कलेक्टर बिलासपुर,कृष्ण कुमार साहू महासमुंद से डिप्टी कलेक्टर बेमेतरा, रिचा सिंह रायगढ़ से डिप्टी कलेक्टर जांजगीर-चांपा, शिल्पा भगत बिलासपुर से डिप्टी कलेक्टर रायगढ़, राकेश कुमार वर्मा राजस्व निरीक्षक प्रशिक्षण शाला बिलासपुर से डिप्टी कलेक्टर रायगढ़, प्रेमूलाल साहू धमतरी से डिप्टी कलेक्टर दुर्ग, प्रकाश सोनी रायपुर से डिप्टी कलेक्टर दुर्ग, आशुतोष शर्मा बालोद से डिप्टी कलेक्टर कबीरधाम, अभिषेक राठौर बिलासपुर से डिप्टी कलेक्टर कोरबा और मीना साहू दुर्ग से डिप्टी कलेक्टर रायपुर पदस्थ की गई है।
जानकारों का मानना है कि राज्य सरकार का यह कदम जिलों में प्रशासनिक कार्यों को अधिक गति प्रदान करने के उद्देश्य से उठाया गया है। डिप्टी कलेक्टर के रूप में इन अनुभवी अधिकारियों की नियुक्ति से जमीनी स्तर पर राजस्व कार्यों और प्रशासनिक प्रबंधन में सुधार की उम्मीद है। पदोन्नत अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए प्रभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। यह प्रशासनिक फेरबदल आगामी समय में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और जिला प्रशासन की कार्यक्षमता को बढ़ाने में काफी महत्वपूर्ण साबित होगा। प्रदेश भर में हुए इस बड़े बदलाव से प्रशासनिक हलकों में काफी चर्चा है।