छत्तीसगढ़ के खौफनाक सीरियल किलर, किसी ने साइनाइड पिलाया तो किसी ने सुहागे से ली तड़पा-तड़पा कर जान
छत्तीसगढ़ में सीरियल किलिंग के कई चर्चित मामले सामने आए हैं। तांत्रिक सुखवंत साहू अपने शिकार साइनाइड से करता था। अरुण चंद्राकर ने अपने परिजनों समेत सा...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 23 Jun 2026 03:06:00 PM (IST)Updated Date: Tue, 23 Jun 2026 06:48:22 PM (IST)
पुलिस की गिरफ्त में सीरियल किलर रामसहाय जायसवाल। पुलिसHighLights
- तांत्रिक सुखवंत साहू (सुखू) का आतंक
- साइको किलर अरुण चंद्राकर की बर्बरता
- रामसहाय जायसवाल और शराब में जहर का खेल
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ की अपराध की फाइलों में कुछ ऐसे नाम दर्ज हैं, जिन्होंने अपनी बर्बरता और खौफनाक कारनामों से पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। ये सीरियल किलर केवल अपराधी ही नहीं, बल्कि समाज के लिए एक ऐसी चुनौती थे, जिन्होंने अंधविश्वास, प्रतिशोध और मानसिक विकृति की पराकाष्ठा को छू लिया था।
तांत्रिक सुखवंत साहू (सुखू) का आतंक
नवा रायपुर में तांत्रिक सुखवंत साहू ने 'पैसे की बारिश' कराने का झांसा देकर लोगों को जाल में फंसाया। जब ठगी का शिकार हुए लोगों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो उसने सात दिनों के भीतर तीन लोगों की जान ले ली। उसने बड़े ही शातिर तरीके से गंगाजल में साइनाइड मिलाकर पीड़ितों को पिलाया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इंसानों को मारने से पहले उसने एक जानवर पर जहर का प्रयोग करके इसकी सफलता की पुष्टि की थी।
साइको किलर अरुण चंद्राकर की बर्बरता
कुकुरबेड़ा का अरुण चंद्राकर प्रदेश का वह साइको किलर रहा, जिसने अपनी पत्नी, पिता और मकान मालिक समेत सात लोगों की हत्या की और उनके शवों को अपने ही घर में दफन कर दिया। उम्रकैद की सजा पाने के बाद 2018 में उसके फरार होने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया था। हालांकि, अपनी बेटी का जन्मदिन मनाने के दौरान 2019 में पुलिस ने उसे फिर से दबोच लिया।
रामसहाय जायसवाल और शराब में जहर का खेल
बलौदाबाजार के कसडोल इलाके में हाल ही में 46 वर्षीय किराना व्यापारी रामसहाय जायसवाल ने पुरानी रंजिश के चलते तीन माह में आठ लोगों को मौत के घाट उतार दिया। वह शराब में सुहागा मिलाकर अपने परिचितों को पिलाता था। उसकी क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह न केवल पीड़ितों को अस्पताल ले जाने का ढोंग करता था, बल्कि उनके अंतिम संस्कार में शामिल होकर सहानुभूति भी बटोरता था। छोटी-छोटी रंजिशों के चलते उसने एक के बाद एक कई जानें ले लीं, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।