
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। झारखंड राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा की अप्रत्याशित हार ने पार्टी आलाकमान को गहरा झटका दिया है। इस पराजय ने न केवल कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी को उजागर किया है, बल्कि चुनाव पर्यवेक्षक और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के चुनावी प्रबंधन पर भी एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कभी संगठनात्मक रणनीति के माहिर माने जाने वाले बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस की लगातार चुनावी विफलताओं का सिलसिला अब लंबा होता जा रहा है। इसके बावजूद, पार्टी नेतृत्व का उन पर भरोसा कायम रहना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसे लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर चौतरफा हमला बोल दिया है।
पिछले कुछ वर्षों के चुनावी इतिहास पर नजर डालें तो भूपेश बघेल की देखरेख में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। वर्ष 2021 के असम विधानसभा चुनाव में बघेल को मुख्य प्रभारी बनाया गया था, जहां पार्टी को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। इसके बाद, वर्ष 2023 में उनके खुद के मुख्यमंत्री रहते छत्तीसगढ़ की सत्ता कांग्रेस के हाथ से निकल गई। इस करारी हार के बाद बघेल खुद राजनांदगांव सीट से लोकसभा चुनाव मैदान में उतरे, लेकिन वहां भी उन्हें पराजय झेलनी पड़ी। इतना ही नहीं, छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनावों और रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भी बघेल अपने करीबी उम्मीदवार को जीत दिलाने में पूरी तरह नाकाम रहे। नगरीय निकायों व पंचायत चुनावों में भी कांग्रेस को अपेक्षित परिणाम नहीं मिला। भाजपा का आरोप है कि जहां-जहां बघेल के कदम पड़ते हैं, वहां कांग्रेस गर्त में चली जाती है।
अजय चंद्राकर का तंज: राहुल गांधी ने बधाई दी
भूपेश बघेल के नेतृत्व में मिल रही लगातार हार पर चुटकी लेते हुए भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने तीखा हमला बोला है। चंद्राकर ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ दौरा दरअसल भूपेश बघेल को एक और हार की बधाई देने के लिए हुआ है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बघेल जहां-जहां चुनाव प्रबंधन के लिए जाते हैं, वहां कांग्रेस की हार निश्चित हो जाती है। चंद्राकर ने आगे जोड़ा कि राहुल गांधी और कांग्रेस संगठन अपने कार्यकर्ताओं को चाहे जो भी प्रशिक्षण या मंत्र दे लें, लेकिन उनका कोई भी प्रयास भाजपा के विजय रथ को प्रभावित नहीं कर पाएगा।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा के नेता भूपेश बघेल के राजनीतिक कद से खौफ खाते हैं। उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि यह स्थिति ठीक वैसी ही है, जैसे शेर का सामना न कर पाने पर गीदड़ प्रलाप करने लगते हैं। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने भाजपा के आरोपों पर कहा कि सत्ता के अहंकार में भाजपा नेता अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे से घबराकर मंत्री केदार कश्यप, अजय चंद्राकर और पुरन्दर मिश्रा जैसी लीडरशिप मानसिक रोगी जैसी बातें कर रही है।