राजनांदगांव में शराबी पति से छुटकारा पाने पत्नी ने फेरीवाले प्रेमी के साथ रची हत्या की साजिश, दोनों गिरफ्तार
राजनांदगांव जिले की चिचोला पुलिस चौकी ने एक अंधे कत्ल का खुलासा किया है। शराब के आदी पति से परेशान पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 27 Aug 2026 05:08:01 PM (IST)Updated Date: Thu, 27 Aug 2026 05:09:21 PM (IST)
पुलिस की गिरफ्त मे आरोपी पत्नी व उसका प्रेमी। - पुलिसHighLights
- पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर शराबी पति की हत्या की
- दुर्घटना दिखाने की साजिश को पुलिस ने बेनकाब कर दिया
- चिचोला पुलिस ने आरोपी पत्नी और प्रेमी को गिरफ्तार किया
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। जिले की चिचोला पुलिस चौकी ने अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए सनसनीखेज खुलासा किया है। शुरुआत में सड़क हादसा प्रतीत होने वाले इस मामले में पुलिस की पैनी नजर और तकनीकी जांच ने हत्या की असली परतें उधेड़ दीं। पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को इस हत्याकांड के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है और दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
घटनाक्रम के अनुसार, रामपुर निवासी प्रेमलाल साहू का शव 10 अगस्त की शाम महाराजपुर स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-53 के किनारे गड्ढे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में बरामद हुआ था। उसके चेहरे, नाक और माथे पर चोट के गहरे निशान थे तथा पास ही खून से सना हुआ एक बड़ा मुरुम पत्थर भी पड़ा मिला था। प्रथम दृष्टया यह मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा था, लेकिन मौके की नजाकत को भांपते हुए पुलिस ने दुर्घटना के बजाय हत्या के एंगल से हर पहलू की जांच शुरू कर दी।
बयान दर्ज किए, शक सही साबित हुआ
जांच के दौरान पुलिस ने स्वजनों, गवाहों के बयान दर्ज किए और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लेते हुए मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) तथा लोकेशन की गहन पड़ताल की। इस तकनीकी और पारंपरिक जांच के समन्वय से पुलिस का संदेह गहरा गया। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ के लिए पटपर निवासी नरबद साहू (40) और मृतक की पत्नी गंगोत्री साहू (27) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि उन्होंने ही प्रेमलाल के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या की थी।
तीन साल पहले हुआ था विवाह
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि गंगोत्री का विवाह करीब तीन साल पहले प्रेमलाल के साथ हुआ था। प्रेमलाल अत्यधिक शराब पीने का आदी था और आए दिन अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। इस घरेलू प्रताड़ना से तंग आकर गंगोत्री ने महिला प्रकोष्ठ में शिकायत भी दर्ज कराई थी, जिसके बाद कुछ समय के लिए समझौता हो गया था, लेकिन प्रेमलाल की आदत में कोई सुधार नहीं आया।
फेरीवाले को दिल दिया
इसी दौरान घूम-घूमकर मनिहारी सामान बेचने वाले नरबद साहू से गंगोत्री की जान-पहचान हुई और दोनों के बीच पिछले एक साल से प्रेम प्रसंग चलने लगा। घटना वाले दिन गंगोत्री ने अपने प्रेमी नरबद को फोन कर जानकारी दी कि प्रेमलाल अत्यधिक शराब के नशे में पेट्रोल पंप के पास बेसुध पड़ा हुआ है।
ब
इसके बाद दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची। योजना के तहत नरबद मौके पर पहुंचा और नशे में सुध खो चुके प्रेमलाल के सिर पर भारी पत्थर से ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हत्याकांड को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को गड्ढे में फेंक दिया गया था, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने आरोपियों के नापाक मंसूबों पर पानी फेर दिया।