
नईदुनिया न्यूज़ सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में एक हादसे में 10 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। रेलवे ट्रैक के पास बच्चा हाथ में लोहे की पाइप लेकर खेल रहा था, इसी दौरान वह रेलवे के हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। उपचार के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मदनेश्वरपुर निवासी 10 वर्षीय बालक रेलवे ट्रैक के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान उसके हाथ में एक लंबा पाइप था। खेल-खेल में पाइप रेलवे लाइन के ऊपर लगे हाइटेंशन विद्युत तार के संपर्क में आ गया।
पाइप के तार से स्पर्श होते ही तेज विद्युत प्रवाह की चपेट में आने से बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी हालत अत्यंत गंभीर थी। इलाज के दौरान कुछ घंटों बाद बच्चे ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रामानुजनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे दुर्घटनावश हुई मौत मान रही है। एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने बताया कि बच्चा रेलवे ट्रैक पर हाथ में लंबा पाइप लेकर खेल रहा था।
इसी दौरान पाइप हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मामले की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं रेलवे ट्रैक और हाईटेंशन विद्युत लाइनों के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।