सूरजपुर: शादी में जा रहे 4 दोस्तों की बाइक खड़े ट्रक से टकराई; 3 की मौके पर ही दर्दनाक मौत
सूरजपुर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में प्रतापपुर-सेमरसोत मार्ग पर शिवपुर के पास शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन दोस्तों—रूपचंद पैकरा, रविंद्...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 20 Jun 2026 02:21:55 PM (IST)Updated Date: Sat, 20 Jun 2026 02:21:55 PM (IST)
प्रतापपुर-सेमरसोत मार्ग पर बाइक और खड़े ट्रक की भीषण भिड़ंत, आग में जलता हुआ ट्रक।HighLights
- शादी में जा रहे चार दोस्तों में से तीन की दर्दनाक मौत।
- चौथा घायल अरमान को मेडिकल कॉलेज रेफरल किया गया।
- अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती अरमान पैकरा की हालत नाजुक।
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में प्रतापपुर-सेमरसोत मार्ग पर शिवपुर के समीप शुक्रवार रात सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। चारों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े मक्का लोड ट्रक से जा टकराई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया।
जानकारी के मुताबिक बैकोना गांव निवासी रूपचंद पैकरा (20), रविंद्र पैकरा (19), ओम प्रकाश पैकरा (18) और अरमान पैकरा (16) शुक्रवार रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच एक बाइक पर सवार होकर बैकोना से ग्राम खजूरी शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। मुख्य मार्ग से गुजरते समय प्रतापपुर से लगे शिवपुर के समीप सड़क किनारे खड़े मक्का लोड ट्रक से उनकी बाइक पीछे से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। रूपचंद, रविंद्र और ओम प्रकाश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अरमान पैकरा को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, ट्रक फूंका
हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सड़क किनारे बिना संकेतक के खड़े भारी वाहन को लेकर लोगों में भारी आक्रोश था। गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में आग लगा दी। आग तेजी से फैली और ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
सूचना पर प्रतापपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने बमुश्किल पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया।
खुशियां बदलीं मातम में
जिन घरों से बच्चे शादी की खुशियों में शामिल होने निकले थे, वहां कुछ ही घंटों में मातम पसर गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि रात में सड़क किनारे खड़े वाहनों पर रिफ्लेक्टर या संकेतक नहीं होने से लगातार हादसे हो रहे हैं। खबर है कि जिस ट्रक के कारण दुर्घटना हुई उसी ट्रक ने एक कार को टक्कर मारी थी। ट्रक का चालक वाहन छोड़कर चला गया था।