
नईदुनिया न्यूज, बिश्रामपुर। दसवीं बटालियन सिलफिली में फिटनेस ट्रेनिंग के लिए आए बिश्रामपुर थाने में पदस्थ पुलिस आरक्षक की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। बाइक चालक आरक्षक को अज्ञात वाहन ने हाइवे पर जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार बिश्रामपुर थाने में पदस्थ ग्राम पचिरा निवासी पुलिस आरक्षक अभय पांडेय उर्फ दादू पंडित, पिता ताराचंद पांडेय, उम्र 39 वर्ष, एक माह की फिटनेस ट्रेनिंग हेतु रविवार को दसवीं बटालियन सिलफिली में उपस्थित हुए थे। सोमवार से उनकी ट्रेनिंग प्रारंभ हई थी।
सोमवार की रात करीब आठ बजे वह बटालियन से अनुमति लेकर बाइक से बिश्रामपुर की ओर सामान लेने निकले थे। इसी दौरान बिश्रामपुर–अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर दसवीं बटालियन पेट्रोल पंप के समीप किसी अज्ञात वाहन चालक ने तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि आरक्षक के सिर में गंभीर चोट आई और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आरोपित चालक वाहन सहित फरार हो गया।
सूचना मिलने पर जयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और खून से लथपथ शव को बिश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में बिश्रामपुर व जयनगर पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी तथा मृतक के परिजन बड़ी संख्या में एकत्र हो गए।
इधर घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पचिरा स्थित निवास में शोक की लहर दौड़ गई। मृत आरक्षक धर्म जागरण के संयोजक मनोज पांडेय के अनुज तथा पत्रकार प्रवीण पांडेय के ज्येष्ठ भ्राता थे। मंगलवार को पोस्टमार्टम उपरांत पचिरा मुक्तिधाम में गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
बताया जा रहा है कि आरक्षक अभय पांडेय सामान्यतः हमेशा हेलमेट पहनकर ही बाइक चलाते थे, लेकिन घटना के समय उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। लोगों का मानना है कि यदि उस समय हेलमेट पहना होता, तो संभवतः उनकी जान बच सकती थी।