CG Board की 9वीं-11वीं क्लास की परीक्षा का टाइम टेबल फिर बदला, अब 25 मार्च से होंगी परीक्षाएं
प्रदेश में छत्तीसगढ़ बोर्ड के 9वीं-11वीं की परीक्षा की तिथि को लेकर विवाद के बाद लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से आदेश जारी किया गया है। जिसके अनुसार परी ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 27 Feb 2026 09:29:40 AM (IST)Updated Date: Fri, 27 Feb 2026 09:31:06 AM (IST)
9वीं-11वीं की परीक्षा का टाइम टेबल बदला (फाइल फोटो)HighLights
- 27 फरवरी से शुरू होने वाली थी परीक्षाएं
- आदेश के बाद आनन-फानन में किया स्थगित
- 9वीं और 11वीं की परीक्षाएं 25 मार्च से शुरू होंगी
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कक्षा नौवीं और 11वीं की परीक्षा के नए टाइम टेबल को लेकर उठे विरोध के बाद जिला शिक्षा कार्यालय ने यू टार्न ले लिया है। अब पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ही परीक्षाएं आयोजित की जाएगी। संशोधित आदेश के मुताबिक नौवीं और 11वीं की परीक्षाएं 25 मार्च से शुरू होकर छह अप्रैल तक चलेंगी।
बोर्ड मूल्यांकन कार्य न हो प्रभावित
दरअसल, वर्तमान में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं 20 फरवरी से जारी हैं, जो 18 मार्च तक चलेंगी। बोर्ड परीक्षाएं समाप्त होते ही उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शुरू होता है, जिसमें सरकारी स्कूलों के शिक्षक ही मूल्यांकनकर्ता की भूमिका निभाते हैं। इसी बीच जिला शिक्षा कार्यालय ने 27 फरवरी से 13 मार्च तक नौवीं और 11वीं की परीक्षाएं कराने का टाइम टेबल जारी कर दिया था।
लोक शिक्षण संचालनालय का निर्देश
विवाद बढ़ने पर लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर पुराने टाइम टेबल के अनुसार परीक्षाएं कराने के निर्देश दिए। डीपीआई के निर्देशानुसार कक्षा एक से सातवीं, नौवीं और 11वीं की परीक्षाएं 25 मार्च से 10 अप्रैल तक आयोजित की जाएंगी। वहीं पांचवीं की केंद्रीकृत परीक्षा 16 मार्च और आठवीं की 17 मार्च से शुरू होगी।
यह भी पढ़ें- सड़क दुर्घटना में सरगुजा यूनिवर्सिटी के कुलसचिव की बेटी की मौत, पांच साल के बेटे की भी हालत गंभीर
रायपुर में 20 हजार से अधिक विद्यार्थी होंगे शामिल
रायपुर जिले में 200 से अधिक हाई और हायर सेकेंडरी स्कूल संचालित हैं। इन स्कूलों में करीब 20 हजार विद्यार्थी कक्षा 9वीं और 11वीं में अध्ययनरत हैं। ऐसे में टाइम टेबल में बार-बार बदलाव से विद्यार्थियों और शिक्षकों दोनों में असमंजस की स्थिति बन गई थी।
अब संशोधित आदेश के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है और परीक्षाएं 25 मार्च से पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही संपन्न होंगी।