
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) के दीक्षा समारोह में इस साल दो नए पदक रखे गए हैं। ये पदक पहली बार सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी और एनसीसी कैडेट को प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने शासकीय और निजी महाविद्यालयों से योग्य विद्यार्थियों के नाम आमंत्रित किए थे। अधिकांश कॉलेजों ने छात्र-छात्राओं के आवेदन विवि को भेज दिए हैं। अब विवि की गठित समिति इन आवेदनों की स्क्रूटनी करेगी।
खास बात यह है कि शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों और एनएसएस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी को ‘द प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया डॉ. शंकरदयाल शर्मा स्वर्ण पदक’ प्रदान किया जाएगा। एनसीसी कैडेट्स को भी पहली बार पदक से सम्मानित किया जाएगा, जिसके लिए राजेंद्र कुमार यादव की स्मृति में पदक स्थापित किया गया है। पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की सूची 30 जनवरी तक जारी कर दी जाएगी।
विश्वविद्यालय का दीक्षा समारोह 16 फरवरी को होगा। सत्र 2023-24 और 2024-25 के स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के मेरिट में आए विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए जाएंगे। इस अवधि में पीएचडी पूर्ण कर चुके शोधार्थियों को उपाधि भी प्रदान की जाएगी। समारोह में दोनों सत्रों के 96-96 छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक और 11-11 विद्यार्थियों को रजत पदक दिए जाएंगे।
ये पदक बीकाम, एमए, एमकाम, एमएससी, बीएचएससी, एमएचएससी, एलएलबी, एमबीए, एलएलएम सहित अन्य पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को प्रदान किए जाएंगे। कुलसचिव प्रज्वल खरे ने बताया कि इन दिनों पीएचडी पूर्ण कर चुके शोधार्थियों का पंजीकरण किया जा रहा है। आगामी दिनों में मेरिट में आए विद्यार्थियों की सूची भी पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।
समारोह में शामिल किए दोनों नए पदकों के लिए पात्रता निर्धारित की गई है। ‘द प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया डॉ. शंकरदयाल शर्मा स्वर्ण पदक’ उस विद्यार्थी को दिया जाएगा, जिसने शैक्षणिक संस्थान में शिक्षा के साथ विभिन्न गतिविधियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया हो। इसके लिए स्नातक अथवा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक, विश्वविद्यालय स्तर पर आउटडोर खेल गतिविधियों में सहभागिता, अंतरमहाविद्यालयीन एवं विवि स्तर पर वाद-विवाद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा एनएसएस के जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका अनिवार्य होगी।
मूल्यांकन में 60 प्रतिशत अंक शैक्षणिक उपलब्धि और 20-20 प्रश अंक खेल, सांस्कृतिक व सामाजिक गतिविधियों के आधार पर दिए जाएंगे। वहीं स्व. राजेंद्र कुमार यादव स्मृति पदक एनसीसी कैडेट को प्रदान किया जाएगा। इसके लिए स्नातक स्तर पर न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक, कॉलेज व विश्वविद्यालय स्तर पर एनसीसी प्रमाण पत्र, एनसीसी की आकस्मिक एवं सामुदायिक गतिविधियों में सहभागिता तथा राष्ट्रीय स्तर पर एडवेंचर कोर्स में भागीदारी को पात्रता में शामिल किया गया है।