नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं बोर्ड की द्वितीय परीक्षा का आगाज आज सात मई से होने जा रहा है। द्वितीय परीक्षा को दोनों ही कक्षाओं के 14766 छात्र परीक्षा देंगे।
प्रशासन व शिक्षा विभाग की कड़ी सुरक्षा
प्रशासन ने बोर्ड की मुख्य परीक्षा की तरह ही सभी परीक्षा केंद्रों सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। साथ ही गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर पानी व ओआरएस सहित मेडिकल किट आदि के इंतजाम किए गए हैं। यह परीक्षा सुबह 9 से 12 बजे के बीच होगी। खासबात यह है कि 10वीं व 12वीं दोनों ही कक्षाओं के प्रश्न पत्र एक साथ होगें।
19 केंद्रों पर जुटेंगे 14 हजार से अधिक छात्र
इस वर्ष बोर्ड की द्वितीय परीक्षा के लिए पूरे जिले में 19 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। शिक्षा विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार इस बार 10वीं व 12वीं कक्षा के नियमित और स्वाध्यायी परीक्षार्थियों को मिलाकर कुल 14,766 छात्र परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
मुख्य परीक्षा जैसी सुरक्षा और व्यवस्था
अधिकारियों की तैनाती: सभी 19 केंद्रों पर केंद्राध्यक्ष, सह-केंद्राध्यक्ष और कलेक्टर प्रतिनिधि तैनात रहेंगे। पुलिस थानों से प्रश्न पत्र निकालते समय कलेक्टर प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे और प्रश्नपत्रों की मोबाइल एप से ट्रेकिंग भी होगी, जिससे प्रश्न पत्र लीक न हो।
सघन निगरानी
नकल रोकने और शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा कराने के लिए शिक्षा विभाग के उड़ने दस्ते भी निरंतर केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।
सीसीटीवी कैमरों से निगरानी
जिन स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, उनमें सीसी टीवी कैमरे लगे हुए हैं। इन कैमरों से परीक्षा केंद्र पर नजर रखी जाएगी, जिससे नकल व अन्य किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
8.30 बजे से पहले पहुंचना होगा परीक्षा केंद्र
यह परीक्षा उन विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है जो मुख्य परीक्षा में किन्हीं कारणों से सफल नहीं हो पाए थे या अंकों में सुधार चाहते हैं।
परीक्षा केंद्रों पर छात्रों को समय से पहुंचने और प्रवेश पत्र के साथ सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी गई हैं। छात्रों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 8.30 से पहले पहुंचने के लिए बोर्ड ने कहा है।
फैक्ट फाइल
- 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं परीक्षा के लिए
- 6016 नियमित छात्र देंगे 10वीं की परीक्षा
- 533 स्वाध्यायी छात्र देंगे 10वीं की परीक्षा
- 6549 कुल छात्र देंगे 10वीं की परीक्षा
- 7554 नियमित छात्र देंगे 12वीं की परीक्षा
- 663 स्वाध्यायी छात्र देंगे 12वीं की परीक्षा
- 82217 कुल छात्र देंगे 12वीं की परीक्षा
- कुल 14766 दोनों कक्षाओं के छात्र देंगे परीक्षा
डीईओ बोले-
द्वितीय बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 19 केंद्र बनाए गए हैं। सभी पर केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष व पर्यवेक्षकों के साथ कलेक्टर प्रतिनिधि परीक्षा पर नजर रखेंगे। परीक्षा में सुरक्षा व्यवस्था भी पुख्ता की गई है, साथ ही सभी केंद्रों को निर्देश दिए गए हैं कि गर्मी को देखते हुए हवा, पानी व ओआरएस आदि भी व्यवस्था रखी जाए। - हरिओम चतुर्वेदी, जिला शिक्षा अधिकारी