इंदौर के महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में डिप्लोमा कोर्स के लिए एडमिशन शुरू, 29 मई तक होंगे रजिस्ट्रेशन
इंदौर के शासकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय इंदौर में 2026-27 सत्र के लिए डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश शुरू हो गए हैं। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 08 May 2026 10:02:00 AM (IST)Updated Date: Fri, 08 May 2026 10:07:11 AM (IST)
छात्राओं के लिए ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर दिलाए जाते हैं। - प्रतीकात्मक तस्वीरHighLights
- 29 मई तक रजिस्ट्रेशन, 2 जून तक च्वाइस फिलिंग
- चार रोजगारोन्मुखी कोर्स, 10 हजार है वार्षिक फीस
- आधुनिक लैब से प्लेसमेंट तक सुविधा, छात्रावास भी
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शासकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में 2026-27 सत्र को लेकर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में छात्राएं आवेदन कर सकती हैं। तकनीकी शिक्षा संचालनालय (डीईटी) के निर्देश पर ऑनलाइन काउंसिलिंग रखी गई है। इसके अंतर्गत 29 मई तक छात्राएं पसंदीदा पाठ्यक्रम के लिए पंजीयन करवा सकेंगी।
अधिकारियों के मुताबिक प्रवेश पात्रता के लिए छात्राओं का 10वीं उत्तीर्ण होना जरूरी है। महाविद्यालय से चार प्रमुख रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, फैशन टेक्नोलॉजी, आर्किटेक्चर एंड इंटीरियर डिजाइन तथा होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी कोर्स शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों को एआईसीटीई और काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर से मान्यता प्राप्त है।
तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है
प्रवेश के पहले चरण के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 29 मई रखी है। इसके बाद विद्यार्थी अपने पसंदीदा संस्था और पाठ्यक्रम का चयन कर सकेंगे। च्वाइस फिलिंग दो जून तक होगी। प्राचार्य विजया शिंदे ने बताया कि यह इंदौर जिले का एकमात्र शासकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय है, जहां मात्र 10 हजार रुपये वार्षिक शुल्क में छात्राओं को तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है।
100 सीटर छात्रावास
संस्था में आधुनिक प्रयोगशालाएं, एक्सपर्ट लेक्चर, इंडस्ट्री विजिट, वर्कशाप, इंटर्नशिप और सेमिनार की सुविधा छात्राओं को दी जाती है। उन्होंने कहा कि अंतिम वर्ष की छात्राओं के लिए ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर दिलाए जाते हैं। छात्राओं को राज्य और केंद्र सरकार की छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ भी दिया जाता है। वैसे परिसर में 100 सीटर छात्रावास भी बना है।