छत्तीसगढ़ में सरकारी और निजी स्कूलों को एक जैसा मिलेगा प्रश्न पत्र, छात्रों को उसी में लिखना होगा उत्तर
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी कैलेंडर के अनुसार पांचवीं की परीक्षा 16 मार्च और आठवीं की 17 मार्च से शुरू होगी। इस बार एकीकृत प्रणाली से इस परीक्षा का ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 10 Mar 2026 01:39:24 PM (IST)Updated Date: Tue, 10 Mar 2026 01:44:27 PM (IST)
HighLights
- पांचवीं की परीक्षा 16 मार्च और आठवीं की 17 मार्च से शुरू
- एकीकृत प्रणाली से इस परीक्षा का आयोजन किया जाएगा
- स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी किया गया परीक्षा का कैलेंडर
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 10वीं-12 वीं परीक्षा के बीच स्कूल शिक्षा विभाग कक्षा पांचवीं-आठवीं परीक्षा की तैयारी में जुट गया है। एकीकृत बोर्ड परीक्षा के तहत सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में एक साथ परीक्षा आयोजित की जाएगी।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी कैलेंडर के अनुसार पांचवीं की परीक्षा 16 मार्च और आठवीं की 17 मार्च से शुरू होगी। इस बार एकीकृत प्रणाली से इस परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसमें सरकारी स्कूलों के साथ ही निजी स्कूलों के बच्चों की भी परीक्षा होगी।
इसी पैटर्न से परीक्षा का आयोजन करना होगा
स्कूल शिक्षा विभाग से संबंद्ध निजी स्कूलों को भी इसी पैटर्न से परीक्षा का आयोजन करना होगा। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी एग्जाम कैलेंडर पर नजर डालें तो पांचवीं की परीक्षा सुबह नौ से 11 बजे तक तथा आठवीं की परीक्षा सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी।
केंद्रीयकृत परीक्षा प्रणाली के तहत स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सरकारी और प्राइवेट दोनों स्कूलों के लिए एक समान प्रश्न पत्र का वितरण किया जाएगा। प्रश्न पत्र में ही उत्तर लिखने के लिए जगह रहेगी।
पांचवीं की परीक्षा 50 अंक की होगी
स्कूल शिक्षा विभाग ने साफ कर दिया है कि पांचवीं की परीक्षा 50 अंक होगा। इसमें प्रोजेक्ट पर 10 नंबर और 40 नंबर लिखित परीक्षा के लिए तय किए गए हैं। आठवीं की परीक्षा 100 नंबर की होगी, 20 नंबर प्रोजेक्ट पर मिलेगा व 80 नंबर की लिखित परीक्षा होगी।