
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : उच्च शिक्षा विभाग ने स्नातक-स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों को अगली कक्षाओं में प्रमोट को लेकर प्रक्रिया जारी है। मगर ऐसे छात्र-छात्राएं परेशान हो रहे है, जिन्हें किसी न किसी विषय में फेल हो गए है। अब अगले सप्ताह से इनकी सप्लीमेंट्री परीक्षा होना है। इसका रिजल्ट आने में महीनेभर का समय लगेगा। इस वजह से विद्यार्थियों को अगली कक्षाओं में प्रवेश देने में दिक्कतें आ रही है। अब उच्च शिक्षा विभाग के निर्देश पर कालेजों ने छात्र-छात्राओं को अस्थायी प्रवेश देने पर जोर दिया है।
बीए, बीकॉम, बीएससी, बीजेएमसी, बीएसडब्ल्यू, बीएचएमएस सहित अन्य स्नातक पाठ्यक्रमों के करीब 10 हजार विद्यार्थी विभिन्न विषयों में अनुत्तीर्ण हुए हैं। इनकी विश्वविद्यालय ने 11 अगस्त स्नातक पाठ्यक्रमों के तीसरे और चौथे वर्ष की पूरक परीक्षाएं रखी है, जो बीस दिनों में संपन्न करवाई जाएगी।
परीक्षा विभाग केंद्र तय कर दिए है। यहां तक कि गोपनीय विभाग अलग-अलग विषयों के प्रश्नपत्र तैयार कर लिए है। साथ ही उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन तेज करने को लेकर अतिरिक्त 40 शिक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तीसरे और चौथे वर्ष की परीक्षाएं समाप्त होने के बाद एक सितंबर से पहले प्रथम और द्वितीय वर्ष की पूरक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी, ताकि विद्यार्थियों के परिणाम समय पर घोषित किए जा सकें और उन्हें अगली कक्षा में प्रवेश दिया जा सके। वहीं परीक्षा के दौरान प्रत्येक केंद्र पर ऑब्जर्वर नियुक्त किए जाएंगे।
इसके लिए लगभग 30 से 35 सेवानिवृत्त अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। ये अधिकारी प्रश्नपत्रों के बंडल और उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण, परीक्षा केंद्र की गतिविधियों की निगरानी तथा नकल की रोकथाम का काम करेंगे। परीक्षा समाप्त होने के बाद प्रत्येक केंद्र की विस्तृत रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी।
नए सत्र में प्रवेश को लेकर शैक्षणिक संस्थानों में काउंसिलिंग चल रही है। इस बीच में उच्च शिक्षा विभाग ने अगली कक्षाओं में प्रमोट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी। इसके चलते कॉलेजों ने प्रमोशन पाने वाले विद्यार्थियों के आवेदन नहीं बढ़ाए। मजबूरी में विभाग को तारीख बढ़ाना पड़ी है।
वैसे कॉलेज अब सप्लीमेंट्री वाले छात्र-छात्राओं को अगली कक्षाओं में अस्थायी प्रवेश देने में लगे हैं। विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि सप्लीमेंट्री में फेल होने पर विद्यार्थियों को प्रवेश निरस्त किया जाएगा। उन्हें दोबारा उसी कक्षा में पढ़ना होगा।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशेष तिवारी ने बताया कि स्नातक पाठ्यक्रमों की विभिन्न वर्षों की पूरक परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। 11 अगस्त से परीक्षा रखी गई है।
यह भी पढ़ें- डीएवीवी ने परीक्षा फीस में 10% बढ़ोतरी की, तीन लाख छात्रों पर पड़ेगा असर