
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अनुभवी शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग में प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल के 828 स्थायी पदों पर सीधी भर्ती के लिए आवेदन निकाले हैं। इस भर्ती के माध्यम से 124 प्रिंसिपल और 704 वाइस प्रिंसिपल पदों पर नियुक्ति की जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 14 अगस्त है।
चयन प्रक्रिया के पहले स्टेज में पेन और पेपर मोड में कंबाइंड रिक्रूटमेंट टेस्ट (सीआरटी) लिया जाएगा। जिसके जरिए अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए शार्टलिस्ट किया जाएगा। साक्षात्कार भी आयोग द्वारा ही लिए जाएंगे। इसके बाद इंटरव्यू के लिए अभ्यर्थियों को आवेदन के प्रिंट आउट के साथ अपने डाक्यूमेंट्स लेकर उपस्थित होना होगा। यह 100 नंबर का होगा। जिसका शेड्यूल अलग से जारी किया जाएगा।
उम्मीदवार यूपीएससी के आनलाइन रिक्रूटमेंट एप्लिकेशन (ओआरए) पोर्टल के माध्यम से आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय सभी आवश्यक दस्तावेज, शैक्षणिक प्रमाणपत्र और अनुभव प्रमाणपत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा।
यदि आपके पास शिक्षण अनुभव है और आप स्कूल प्रशासन में नेतृत्वकारी भूमिका निभाना चाहते हैं, तो यह भर्ती आपके लिए बेहतरीन अवसर है। दिल्ली सरकार के स्कूलों में स्थायी नियुक्ति, आकर्षक वेतन और उत्कृष्ट करियर ग्रोथ इस भर्ती को वर्ष 2026 की महत्वपूर्ण शिक्षक भर्तियों में शामिल करती है।
828 स्थायी पदों पर सीधी भर्ती- यूपीएससी के माध्यम से चयन- दिल्ली सरकार के स्कूलों में नियुक्ति- प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल बनने का अवसर- आकर्षक वेतन एवं सरकारी सुविधाएं- शिक्षा क्षेत्र में अनुभवी उम्मीदवारों के लिए उत्कृष्ट करियर अवसर
शिक्षाविद्, डा. रेनू श्रीवास्तव बताती हैं कि यूपीएससी द्वारा आयोजित प्रिंसिपल एवं वाइस प्रिंसिपल भर्ती केवल विषय ज्ञान की परीक्षा नहीं है, बल्कि इसमें शैक्षणिक नेतृत्व (एजुकेशनल लीडरशिप), प्रशासनिक क्षमता, शिक्षा नीतियों की समझ, निर्णय लेने की क्षमता और संचार कौशल का भी मूल्यांकन किया जाता है। यदि आप इस भर्ती में सफलता पाना चाहते हैं, तो इन महत्वपूर्ण टिप्स का पालन करें।- तैयारी शुरू करने से पहले भर्ती की पात्रता, परीक्षा पैटर्न, चयन प्रक्रिया और सिलेबस को विस्तार से समझें।
नई शिक्षा नीति के प्रमुख प्रावधान, स्कूल शिक्षा में सुधार, कौशल आधारित शिक्षा और मूल्यांकन प्रणाली को अच्छी तरह समझें।- स्कूल प्रबंधन, स्टाफ मैनेजमेंट, टाइम-टेबल, परीक्षा प्रबंधन, अनुशासन, अभिभावक-शिक्षक समन्वय और प्रशासनिक प्रक्रियाओं का अध्ययन करें।
आरटीई एक्ट-2009, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, एनसीएफ, पीओसीएसओ एक्ट, बाल अधिकार और विद्यालय प्रशासन से जुड़े नियमों की जानकारी रखें।
शिक्षा मंत्रालय की नई योजनाएं, डिजिटल शिक्षा, समग्र शिक्षा अभियान, बोर्ड परीक्षाओं में बदलाव और शिक्षा क्षेत्र की प्रमुख खबरें नियमित पढ़ें।- भारतीय संविधान, इतिहास, भूगोल, अर्थव्यवस्था, विज्ञान, करेंट अफेयर्स और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय घटनाओं का नियमित अध्ययन करें।
तार्किक क्षमता, निर्णय क्षमता, विश्लेषणात्मक सोच और समस्या समाधान से जुड़े प्रश्नों का अभ्यास करें।
व्याकरण, लेखन कौशल, नोटिस, पत्र लेखन, रिपोर्ट लेखन और पढ़ने-समझने का नियमित अभ्यास करें।
शैक्षणिक नेतृत्व, विद्यालय प्रबंधन, विद्यार्थियों की समस्याओं, शिक्षक प्रशिक्षण और शिक्षा सुधार से जुड़े संभावित प्रश्नों की तैयारी करें।
यूपीएससी तथा अन्य शिक्षा विभागों की प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल भर्ती के पुराने प्रश्नपत्र हल करें।
हर सप्ताह कम से कम 2-3 माक टेस्ट दें और अपनी गलतियों का विश्लेषण करें।
शिक्षा नीतियां, महत्वपूर्ण अधिनियम, योजनाएं, संविधान के अनुच्छेद और प्रमुख तथ्य अलग से नोट करें।
परीक्षा के दौरान पहले आसान प्रश्न हल करें और कठिन प्रश्नों पर अधिक समय न लगाएं।
एक सफल प्रिंसिपल के लिए नेतृत्व, टीमवर्क, प्रभावी संवाद और समस्या समाधान की क्षमता बेहद महत्वपूर्ण होती है। इन कौशलों पर भी काम करें।
परीक्षा से पहले नए विषय शुरू करने की बजाय महत्वपूर्ण टापिक्स का रिवीजन करें, पर्याप्त नींद लें और आत्मविश्वास बनाए रखें।